Showing posts with label haldwani. Show all posts
Showing posts with label haldwani. Show all posts

Jun 21, 2017

जांच टीम को नहीं मिला गांव में कोई रोगी, जबकि रोज अस्पताल पहुंच रहे मलेरिया मरीज

स्वास्थ्य महकमे की टीम ने अपनी नौकरी बचाने के लिये सर्वे रिपोर्ट को तोड़ मरोड़ के ही पेश किया है..............

उत्तराखंड, हल्द्वानी। भीमताल ब्लॉक के रौसिला व भौरसा गांव में मलेरिया का प्रकोप बरकरार है। स्वास्थ्य महकमे की टीम ने दावा किया था कि यहां किसी मरीज में भी मलेरिया के लक्षण नहीं हैं। इसके बावजूद यहां से मलेरिया रोगियों का हल्द्वानी के अस्पतालों में आना जारी है। इससे स्वास्थ्य विभाग की टीम का गांव में मलेरिया न फैलने का दावा झूठा साबित हो रहा है।

रौसिला व भौरसा गांव में पिछले दिनों मलेरिया के मरीजों होने की बात सामने आयी थी। हल्द्वानी के सरकारी व निजी अस्पतालों में यहां से कई लोग इलाज कराने पहुंचे। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे की टीम गयी थी। टीम ने 52 रोगियों के ब्लड सैंपल लिये थे। जिला मलेरिया रोग अधिकारी अर्जुन सिंह राणा ने उच्चाधिकारियों को सौंपी रिपोर्ट में कहा था कि उक्त 52 रोगियों में से किसी में भी मलेरिया के लक्षण नहीं पाये गये हैं, जबकि रौसिला व भौरसा गांव से मलेरिया रोगियों का उपचार कराने के लिए यहां के अस्पतालों में आना जारी है।
जगदीश पांडे, मंजू पलडिय़ा, देवकी गोस्वामी, भवानी देवी साल का भी इलाज हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना अस्पताल में चला। यह सभी मलेरिया से पीडि़त हैं। इससे पहले रौसिला गांव के कुछ मरीजों में पिछले दिनों में मलेरिया होने की पुष्टि हो गयी है। ऐसे में स्वास्थ्य महकमे की टीम द्वारा मलेरिया को लेकर इन गांवों में किये गये सर्वे की रिपोर्ट संदिग्ध नजर आती है, वहीं नैनीताल जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा है कि रौसिला गांव क्षेत्र में स्वास्थ्य महकमे की टीम ने सर्वे किया था।
रिपोर्ट में कहा गया था कि लोगों को बुखार आने की बड़ी वजह वायरल है। अगर यहां से अभी भी मलेरिया रोगियों का अस्पताल आना जारी है तो मामले की जांच करवायी जायेगी। देखा जाये तो स्वास्थ्य महकमे की टीम ने अपनी नौकरी बचाने के लिये सर्वे रिपोर्ट को तोड़ मरोड़ के ही पेश किया है।
रौसिला-भौरसा गांव जमरानी क्षेत्र के आसपास हैं। यहां जमरानी बांध बनाया जाना प्रस्तावित है। फिलहाल तो यहां अवैध खनन का काम जोरों पर होता है। गांव वालों का कहना है कि खनन करके गौला नदी में बड़े बड़े गड्ढे बना दिये जाते हैं। हल्की बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है जिससे यहां बीमारी पनपती है। इसके अलावा खनन कार्य में लगने वाले मजदूरों के शौच की भी कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिये वह नदी किनारे खुले में ही शौच करते हैं।

Jun 15, 2017

जिम कार्बेट के होटल मजदूर आंदोलन की राह पर

उत्तराखंड। रामनगर जिले के ढिकुली के मनुमहारानी होटल में काम करने वाले श्रमिकों ने होटल प्रबंधक पर अपना दो माह का बकाया वेतन न दिये जाने का आरोप लगाते हुये प्रशासन से वेतन दिलाये जाने की गुहार लगाई है। 


इस मामले में पीड़ितों ने स्थानीय एसडीएम का दरवाजा खटखटाते हुये उन्हें एक ज्ञापन सौंपते हुये कोतवाली व श्रम प्रवर्तन अधिकारी को शिकायत की है। रिजोर्ट में काम कर रहे श्रमिक भाजपा नेता गणेश रावत की अगुवाई में प्रशासनिक भवन पहुंचे जहां श्रमिकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। 

इस दौरान उन्होंने एसडीएम परितोष वर्मा को सौंपे गये ज्ञापन में रिसोर्ट प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा पर आरोप लगाते हुये कहा कि उनके द्वारा उन्हें दो माह का वेतन नहीं दिया जा रहा है। जब भी वह प्रबंधक अपने वेतन की बात करते हैं, तो रिसोर्ट प्रबंधक उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देता रहता है। वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार का जीवन-यापन मुश्किल भरा हो गया है। 

श्रमिकों का कहना है कि रिसोर्ट स्वामी द्वारा रिसोर्ट जुकासो कम्पनी को लीज पर दिया गया है, जिसकी लीज की अवधि पूरी होने वाली है। ऐसे में उनके सामने वेतन का संकट खड़ा हो गया है। इस मामले में एसडीएम वर्मा ने श्रमिकों को आश्वासन देते हुये कहा कि उनका पूरा वेतन होटल प्रबंधक से दिलाया जायेगा। इसके बाद श्रमिकों ने कोतवाली पुलिस व श्रम प्रवर्तन कार्यालय में भी विधिवत अपनी शिकायत दर्ज कराई। 

इस मामले में भाजपा नेता गणेश रावत का कहना है कि कार्बेट नेशनल पार्क के आस-पास डेढ़ सौ से अधिक रिसोर्ट कार्यरत हैं, लेकिन इन रिसोर्ट में कार्यरत श्रमिकों की कोई भी संगठित यूनियन न होने के चलते इनका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है, जबकि रिसोर्ट स्वामियों ने अपने हितों की रक्षा के लिये अपना स्वयं का संगठन बना रखा है। 

रावत ने श्रम अधिकारी से मांग की है कि क्षेत्र में कार्यरत सभी श्रमिकों की यूनियन बनाकर उनके हितों का संरक्षण किया जाये, अन्यथा श्रम विभाग के खिलाफ भी व्यापक तौर पर आंदोलन छेड़ा जायेगा। 

इस दौरान ज्ञापन देने वालों में वीरेन्द्र रावत, संजय बिष्ट, गणेश रावत, सूरज, छोटेलाल, महेश, मनोज, गुलाब हुसैन, सूरज, किशोर सहित अनेकों लोग मौजूद थे।