Sep 19, 2010

अबकी झांसे में नहीं आयेंगे लोग


अयोध्या के मंदिरों में हनुमान चालीसा के पाठ हो रहे हैं। मोबाइल फोन पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं। हिन्दुत्ववादी संगठनों के नेताओं के बयान आ रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद् के अध्यक्ष अशोक सिंघल का कहना है कि अयोध्या स्थित कारसेवकपुरम में मंदिर निर्माण हेतु पत्थर तराशे जा रहे हैं।


संदीप  पाण्डेय  

बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद अयोध्या विवाद पर 24सितम्बर को सम्भावित फैसले के मद्देनजर हिन्दू  साम्प्रदायिक ताकतों ने पुनः अयोध्या में राम मन्दिर का राग अलापना शुरू कर दिया है। जबकि हम सब जानते हैं कि वर्ष 1992में बाबरी मस्जिद विध्वंस व राम मंदिर निर्माण के मुद्दे ने देश की राजनीति को बहुत नुकसान पहुंचाया है।

आम जनता के मुद्दों जैसे गरीबी, बेरोजगारी, किसानों की समस्या, संसाधनों की कमी, भ्रष्टचार आदि को काफी पीछे ढकेल दिया। इस भावनात्मक मुद्दे में लोगों को उलझाकर जन विरोधी आर्थिक नीतियां लागू कीं गईं जिसका फायदा पूंजीपति वर्ग व देशी-विदेशी कम्पनियों को हो रहा है,किन्तु आम जनता परेशान है। यह तो गनीमत है कि 2004 में राष्ट्रीय लोतांत्रिक गठबंधन चुनाव हार गया और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार बनी, नहीं तो हालत और भी खस्ता होती।

कम से कम सूचना के अधिकार,राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी, वन अधिकार व आने वाले खाद्य सुरक्षा अधिनियमों से ऐसा प्रतीत तो होता है कि सरकार आम जनता के मुद्दों के प्रति भी थोड़ा-बहुत सोचती है। वरना राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की सरकार तो शायद हमें राम मंदिर व रामसेतु के अलावा कुछ सोचने ही नहीं देती।

दूसरी तरफ बाबरी मस्जिद ध्वंस के बाद ही इस देश में श्रंखलाबद्ध बम धमाके व आतंकवादी कार्यवाइयों को अंजाम दिया जाने लगा। इस लिहाज से बाबरी मस्जिद ध्वंस भारत में आतंकवादी घटनाओं की जननी है। वैसे भी संविधान की रक्षा की शपथ खाकर तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने लोकतंत्र की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं। हालाँकि  बीच में ऐसा भ्रम फैलाया गया था कि इस्लामिक संगठन भारत में आतंकवादी कार्यवाइयों को अंजाम दे रहे थे, किन्तु अब जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से सम्बन्धित अभिनव भारत का नाम मालेगांव, हैदराबाद की मक्का मस्जिद, अजमेर व समझौता एक्सप्रेस जैसे बम कांडों में आ रहा है तो ऐसा प्रतीत होता है कि भारत को इस्लामिक से ज्यादा हिन्दू  आतंकवाद ने क्षति पहुंचाई है।

क्या करें उन  नेताओं का जो बाँटते हैं लोग
शक की बुनियाद पर तमाम मुस्लिम नौजवान  जेलों में कैद हैं, किन्तु दिनदहाड़े बाबरी मस्जिद गिराने वाला एक भी व्यक्ति जेल में नहीं है। यह विभिन्न सरकारों व शासन-प्रशासन के साम्प्रदायिक चरित्र का भी द्योतक है।

असल में साम्प्रदायिक विचारधारा का लोकतंत्र से कोई तालमेल हो ही नहीं सकता, चूंकि यह विचारधारा संकीर्णता की परिचायक है। बल्कि साम्प्रदायिकता की परिणति सिर्फ फासीवादी सोच में ही हो सकती है। यह ख़ुशी की बात है कि जनता ने साम्प्रदायिक विचारधारा को उत्तर प्रदेश में नहीं,बल्कि पूरे देश में नकारा है। हम उम्मीद करते हैं कि जनता दोबारा साम्प्रदायिक शक्तियों के झांसे में नहीं आएगी। राजनीतिक उद्देश्य की पूर्ति के लिए धार्मिक भावनाओं का दोहन पूर्णतया अनैतिक है।

देश के नागरिकों को,अयोध्या विवाद पर न्यायालय का जो भी फैसला आए उसका सम्मान करना चाहिए। जो पक्ष फैसले से संतुष्ट न हो, वह सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकता है। किन्तु सड़क पर उतरकर किसी भी किस्म का शक्ति प्रदर्शन या लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश असंवैधानिक कार्यवाही होगी। मंदिर निर्माण को लेकर संघ परिवार से जुड़े संगठनों ने तमाम किस्म की कवायदें शुरू कर दी हैं।

अयोध्या के मंदिरों में हनुमान चालीसा के पाठ हो रहे हैं। मोबाइल फोन पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं। हिन्दुत्ववादी संगठनों के नेताओं के बयान आ रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद् के अध्यक्ष अशोक  सिंघल का कहना है कि अयोध्या स्थित कारसेवकपुरम में मंदिर निर्माण हेतु पत्थर तराशे जा रहे हैं। कायदे से अभी जबकि न्यायालय का फैसला भी नहीं आया है और यह तय नहीं है कि मंदिर बनेगा भी अथवा नहीं, इस किस्म की कार्यवाइयां व बयान न्यायालय की अवमानना माने जाने चाहिए और न्यायालय को इनका संज्ञान लेना चाहिए।

देश व अयोध्या की आम जनता के लिए बाबरी मस्जिद-राम जन्म भूमि कोई मुद्दा ही नहीं है। यह संघ परिवार ने जबरदस्ती देश के ऊपर थोपा है। अयोध्या के आम लोगों से बातचीत कर पता चलता है कि यहां लोग इस मुद्दे से कितने परेशान हैं। अयोध्या का आम जन-जीवन प्रभावित हुआ है। लगातार सुरक्षा बलों की उपस्थिति से यहां तनाव बना रहता है। जब-तब कर्फ्यू लगने की आशंका अलग रहती है।

 विवादित स्थल के रामलला को छोड़ अन्य मंदिरों में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आई है, जिससे अयोध्या की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। अयोध्या में बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका मंदिरों पर निर्भर है। इनमें चढ़ने वाले फूलों की खेती से लेकर पूजा-पाठ की सामग्री के निर्माण के काम में लगे तमाम लोग शामिल हैं जिनमें कुछ मुसलमान परिवार भी हैं।

हम उत्तर प्रदेश सरकार से उम्मीद करते हैं कि जो भी इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करे, उसके साथ सख्ती से पेश  आएगी। हम यह खतरा नहीं मोल उठा सकते कि संघ परिवार के लोगों को देश में दंगे भड़काने की छूट दी जाए। देश में धर्मनिरपेक्ष लोग और  मुसलमान,जो भी फैसला आएगा उसे मानने को तैयार बैठे हैं। किन्तु संघ परिवार के अचानक सक्रिय होने से ऐसा मालूम पड़ता है कि यदि फैसला इनके अनुकूल न गया तो वे उसे नहीं मानेंगे।

मंदिर निर्माण तैयारी के दो दशक : फैसले पर उम्मीद
 यदि केन्द्र व राज्य सरकार इनके साथ सख्ती से निपटती है और आम हिन्दू इन्हें अपनी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं करने देता है तो देश का महौल शांत बना रहेगा एवं साम्प्रदायिक सदभावना सुरक्षित रहेगी। असल में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा संघ परिवार के गले की हड्डी बन गया है। इस मुद्दे का इस्तेमाल भारतीय जनता पार्टी की राजनीति को बढ़ाने के लिए ही किया गया।

यदि संघ परिवार का उद्देश्य वाकई मंदिर निर्माण होता तो वह उस किस्म की राजनीतिक दृढ़ता दिखा सकता था जैसी मायावती ने दिखाई है,जिन्होंने राज्य की राजधानी में सरकारी जमीन पर पेड़ काटकर,जनता के धन से कानून बनाकर दलित स्मारकों का निर्माण करा दिया है। परंतु संघ परिवार का उद्देश्य कभी मंदिर निर्माण रहा ही नहीं है। उन्हें तो सिर्फ इस मुद्दे का राजनीतिक दोहन करना है,जो मंदिर बन जाने पर संभव न होगा। यदि संघ परिवार वाकई अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण चाहता है तो वह इसे कारसेवकपुरम की भूमि पर क्यों नहीं बना लेता?

क्या जरुरी है कि मंदिर विवादित स्थल पर ही बने? विश्व हिन्दू परिषद् के स्वामित्व वाली जमीन पर राम मंदिर बनाकर इस विवाद को भी हमेशा-हमेशा के लिए विराम दिया जा सकता है।


(लेखक मैग्सेसे पुरस्कार विजेता और सामाजिक कार्यकर्ता हैं, उनसे  ashaashram@yahoo.com पर संपर्क  किया  जा   सकता  है.)  


4 comments:

  1. Mr. Pandey could you please tell the people, what you use to do on 6th of december? you were not helping to keep this issue alive or it was just populas politics? would like to know your politics. please tell publicly.

    ReplyDelete
  2. रामाश्रय सिंह, लखनऊMonday, September 20, 2010

    सही सुझाव है कि राम मंदिर कारसेवक पुरम में बने. अगर अशोक सिंघल जैसों कि चिंता गर यही है कि मंदिर बने तो वहां क्यों नहीं. क्या देवताओं का असर कम हो जायेगा. संदीप जी सही है कि देश ने साम्प्रदायिकता की राजनीति को इंकार कर दिया है.

    ReplyDelete
  3. अगर सही में किसी राजनीतिक दल, संस्था और व्यक्ति को इस समस्या का समाधान करना है तो सबसे पहले मंदिर मस्जिद को दिमाग से निकाल कर सोचें। इतिहास में उस जगह में क्या था। किसने तोड़ा, फिर किसने बनाया, खुदाई से क्या निकला क्या नहीं। इन सभी बातों को एक सिरे से दरकिनार करते हुए केवल यह सोचे कि उस बड़े भूखंड का मंदिर और मस्जिद के अलावा क्या इस्तेमाल हो सकता है। क्यों ना उस जगह में एक अस्पताल बना दें, एक स्कूल या कॉलेज खोल दें, अनाथालय बना दें, वृद्धाश्रम बना दें। समस्या का समाधान करना अपने हाथ में है। अगर लोगों को पता है कि जगह के नाम पर राजनीति हो रहे है। धर्म के नाम वोट बटोरने की कोशिश हो रही है, तो लाखों की आबादी उसके पीछे क्यों भाग रही है। न भागे। क्यों ना सम्मिलित रूप से उस भूखंड को लोक कल्याण के लिए इस्तेमाल करने की पहल की जायें। लिखने वालों और राय बनाने वालों को इन मुद्दों पर बात करनी चाहिए। कब तक राम मंदिर और बाबरी मस्जिद के नाम पर इस विषय पर लिखते रहेंगे कि किसने क्या किया, किसके कितने आदमी मरें, वे हिंदु थे या मुसलमान, या फिर इसमें किसने राजनीति की किसने अलगाव फैलाया। इस बहस का क्या फायदा। लिहाजा समस्या की नहीं समाधान की बात करें। और समाधान वहीं श्रेष्ठ है जो लोक हित से जुड़ा हो। मंदिर मस्जिद से नहीं।

    ReplyDelete
  4. आशीष श्रीवास्तवMonday, September 20, 2010

    देश में अमन हो, चाहे वह जैसे हो. वैसे मैं मोनिका गुप्ता के सुझाव से भी सहमत हूँ कि क्यों न वहां मंदिर-मस्जिद के आलावा कुछ और जैसे स्टेडियम, अस्पताल बन जाये. आखिर इस पर बहस क्यों नहीं होती कि बार- बार वहीं ले जाया जाता है जहाँ से सामाजिक विद्वेष फैलता है. जब कोई बात होती है तो लोग दो पाशों में बाँट जाते हैं. एक जो मंदिर चाहते हैं और दूसरे जो मस्जिद. मगर ऐसा क्यों नहीं है कि बंटवारा इस आधार पर हो कि एक देश में अमन चाहते हैं और दूसरे देश में अशांति.

    ReplyDelete