Nov 14, 2010

... आप किसके लिए लड़ रहे हैं?

सामाजिक कार्यकर्त्ता हिमांशु कुमार का संघर्ष बदलाव  और सुधार की गुंजाईश चाहने वालों के लिए एक मिसाल है.उसी को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ के डीजीपी विश्वरंजन को उन्होंने एक पत्र लिखा है,जो बताने के लिए काफी है कि  न्याय बहाली की कोशिश में लगे लोगों के साथ सरकारी तंत्र कैसा बर्ताव कर रहा है...

हिमांशु  कुमार

प्रिय विश्वरंजन जी यह पत्र मैं आपको बिलकुल स्थिर चित्त से और आपकी परिस्थिति को समझते हुए लिख रहा हूँ. इस पत्र को लिखते समय मेरे मन पर उत्तेजना, क्रोध अथवा हताशा की कोई छाया नहीं है.

सिंगाराम फ़र्ज़ी मुठभेड़ को अदालत में ले जाने की सज़ा के तौर पर जब हमारा अठारह साल पुराना आश्रम सरकार द्वारा नष्ट कर दिया गया,उसके बाद किराए के मकान में हम आश्रम चला रहे थे.उसपर जनवरी २०१० में मेरे दंतेवाडा छोड़ने के बाद पुलिस ने मकान पर कब्ज़ा कर लिया था और अब एक महीने पहले ही आश्रम का बहुत सा सामान चोरी करके और आश्रम परिसर में खड़े वाहनों का तोड़ फोड़ कर पुलिस वापिस चली गई.

उसके बाद से वहां  दो आदिवासी महिलाएं व एक आदिवासी बूढ़ा रह रहे हैं.आपकी पुलिस नियमित रूप से जाकर इन तीनों कार्यकर्ताओं को डरा रही है और घर के भीतर घुसकर मुझे ढूंढती है तथा महिला कार्यकर्ताओं से कहती है कि आधी रात को आकर हम फिर तलाशी लेंगे.इन कार्यकर्ताओं के अंगूठे के निशान कोरे क़ागज़ों पर आपके पुलिस कर्मियों ने जबरन लिए हैं.हमारी महिला कार्यकर्ताएं मुझसे पूछ रही हैं कि पुलिस उन्हें कोई नुक्सान तो नहीं पहुंचाएगी,और मैं धड़कते दिल से उन्हें जवाब देता हूँ "नहीं,तुमने कौनसी ग़लती की है जो पुलिस तुम्हें नुकसान  पहुंचाएगी, तुम  आराम से रहो." पर मैं जानता हूँ कि मेरे आश्वासन बिल्कुल खोखले हैं.
सच तो यह है कि पुलिस आश्रम के मकान में रहने वाले इन तीनों कार्यकर्ताओं को कभी भी झूठे केस बनाकर, इन्हें नक्सली कमांडर घोषित करके जेल में डाल सकती है और बस फिर सब कुछ ख़त्म.बिल्कुल यही तो आपने कोपा कुंजाम के साथ किया था. पहले उसके घर जाकर उसको पीट कर डराने की कोशिश की.


वनवासी चेतना आश्रम: नेस्त्मबूद किया पुलिस ने
 जब वह नहीं डरा तो उसे जेल में डाल दिया.कोपा कुंजाम जोश से भरा हुआ एक आदिवासी नौजवान है जो आठ वर्ष तक गायत्री मिशन का पूर्णकालिक धर्मप्रचारक रहा और जो गेरुए वस्त्र पहन कर अपने आदिवासी समाज में शराब आदि के विरुद्ध प्रचार करता था.जब वनवासी चेतना आश्रम ने उसके क्षेत्र में प्रचार करना शुरू किया तो कोपा ने महसूस किया कि इस संस्था कि सोच ज़्यादा आधुनिक व वैज्ञानिक है.इसके बाद कोपा हमारे साथ जुड़ गया और पिछले तेरह वर्षों  में उसने महिलाओं और युवकों को संगठित करने का एक बड़ा काम किया.कोपा के प्रयत्नों से राशन की दुकानों पर चावल के घोटाले बंद होने लगे.शिक्षक,आंगनवाडी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के लोग गाँवों में जाने लगे, नरेगा (NREGA) में लोगों को पूरी मजदूरी दिलाई गई और कोपा के कार्यक्षेत्र में बच्चों की कुपोषण से मौतें रुकने लगीं.
लेकिन कोपा ने एक ग़लती कर दी.नरेगा के अंतर्गत सलवा  जुडूम कैम्पों में जबरन रखे गए आदिवासियों से भी काम करवाया जाता है और पूरे काम के बदले आधा पैसा दिया जाता है.आधे पैसे में सलवा  जुडूम के नेताओं और पुलिस की हिस्सेदारी होती है.आज भी होती है.कोपा इसके ख़िलाफ़ खड़ा हो गया और अनेकों जगह पूरी मजदूरी बांटनी पड़ी.यहीं से कोपा पुलिस की आँखों को खटकने लगा और उसे पुलिस ने "ह्त्या"का आरोप लगाकर एक साल से जेल में बंद किया हुआ है.मैंने ऊपर जो बातें कहीं हैं,उसके पूरे प्रमाण मेरे पास मौजूद हैं और यदि आप सिद्ध करने की चुनौती दें, तो मैं सार्वजनिक तौर पर इन सब बातों को सच सिद्ध कर दूंगा.
मुझे याद आ रहा है कोपा ने अपने आदिवासी साथियों के साथ मिलकर तीस से अधिक गाँवों को दोबारा बसाया था.ये वो उजड़े हुए गाँव थे जिन्हें आपकी पुलिस और सलवा जुडूम ने जलाकर महिलायों से बलात्कार कर निर्दोषों की ह्त्या कर उजाड़ दिया था.कोपा ने इन गाँवों में लोगों को जंगल से व आन्ध्र प्रदेश से वापस लाकर दोबारा बसाया,खेती शुरू करवाई और इन गाँवों में किसी को भी हथियार लेकर प्रवेश करने पर आम सहमती से रोक लगाई और वह इन सभी गाँवों को अहिंसक क्षेत्र बनाने की कोशिश कर रहा था.

इन गाँवों में वह स्कूल, आंगनवाडी, राशन दुकान,पंचायत दोबारा शुरू कराने की कोशिश कर रहा था और आप ही ने उसे जेल में डाल दिया? आपको क्या हासिल हुआ? कोपा के जेल में जाने और मेरे दंतेवाडा छोड़ने के बाद वहां हिंसा और ज़्यादा बढ़ गई.
आप दावा करते हैं कि आप साहित्यकार हैं और चाहते भी हैं कि लोग आपको वैसा सम्मान भी दें. पर आपको नहीं लगता कि साहित्यकार होने की पहली शर्त सत्य को देख पाना,उसे महसूस करना और उसकी सुन्दर अभिव्यक्ति होती है? लेकिन प्रतिदिन-प्रतिक्षण झूठ गढ़ना, एवं उसका ही सदैव चिंतन करना? क्या इस तरह आपके ह्रदय से किसी कालजयी या लोकहितकारी साहित्य का सृजन संभव है? लोक की तो छोड़िए,आप स्वयं भी अपने लिखे से मुग्ध नहीं हो पाते होंगे क्योंकि आपका ह्रदय जानता है कि आपने जो लिखा है,वह असत्य व बनावटी मनःस्थिति की उपज है.
आपको स्मरण होगा पिछली बार मैं जब आपसे मिला था,वो सलवा जुडूम का शुरूआती दौर था.मैंने आपसे तब कहा था, "विश्वरंजन जी, आप किसके लिए लड़ रहे हैं?देश के लिए या भ्रष्ट राजनेताओं के आर्थिक स्वार्थ के लिए?"मैंने यह भी कहा था कि पुलिस की यह नौकरी आपको संविधान और कानून की रक्षा के लिए दी गई है,और जिस दिन आप इस भ्रष्ट व लालची मुख्यमंत्री से कह देंगे कि,"मिस्टर चीफ़ मिनिस्टर,आदिवासिओं की ज़मीन लेने की क़ानूनी प्रक्रिया यह है, और अगर आपने इस क़ानून का उल्लंघन किया, तो मैं आपको उठाकर जेल में डाल दूंगा", और इस तरह जब पुलिस की बन्दूक ग़रीब के पक्ष में उठेगी,उस दिन नक्सलवाद स्वयं ही ग़ायब गो जाएगा.काश अभी भी आपको अपना कर्त्तव्य याद आ जाए.

अपराधों की लम्बी फेहरिस्त
 विश्वरंजन जी,आपने एक लेख लिखा था कि पुलिस को मानवाधिकारकर्ता शूद्र मानते हैं,और अछूतों जैसा व्यवहार करते हैं.लेकिन सच्चाई इससे ठीक उल्टी है.हमने कभी आपसे सम्बन्ध तोड़ने की कोशिश नहीं की.बल्कि अशांत क्षेत्रों में शान्ति स्थापना का काम करने के कारण लगभग सभी कार्यकर्ताओं को आपने झूठे इलज़ाम लगा कर या तो जेल में बंद कर दिया है,या उन्हें इलाक़ा छोड़ जाने के लिए मजबूर कर दिया.

आप दावा करते हैं कि आप एक महत्त्वपूर्ण लड़ाई लड़ रहे हैं.चलिए,हमने आपकी बात को सच माना. पर आपकी इस लड़ाई में आपके साथी कौन हैं? लालची नेता, भ्रष्ट अधिकारी, सब्ज़ी बेचने वालीं ग़रीब औरतों और स्टेशन पर फेंकी हुई बोतलें इकठ्ठा करने वाले बच्चों से भी रिश्वत वसूलने वाले आपके पुलिस वाले?कहीं आप इन सब को साथ लेकर नक्सलवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई जीतने का सपना तो नहीं देख रहे?
आपको वो घटना भी याद होगी जिसमें दंतेवाडा के ग्राम टेकनार की आंगनवाडी चलाने वाली आदिवासी महिलाओं का पैसा एक सरकारी अधिकारिणी खा जाती थी. और हमारी संस्था के कार्यकर्ता की मदद से जब उनहोंने इस लूट का विरोध किया, तो आपके एस. पी. ने मेरे ही ख़िलाफ़ एक झूठी ऍफ़. आई. आर. दर्ज कर दी. और पिछली मुलाक़ात में मैंने आपसे कहा था कि जो पुलिस दूधमुंहे बच्चों का राशन बेचने वालों के साथ मिली हुई है,वह कभी भी समाज से नक्सलवाद दूर नहीं कर पाएगी. ऐसा सपना भी मत देखिएगा.
मैं यह मानता हूँ कि हम जहाँ पैदा होते हैं,उस वातावरण और स्थिति के अनुसार चीज़ों को सही या ग़लत मानते हैं. जैसे अगर हम हिन्दुस्तान में पैदा हुए हैं, तो पाकिस्तान को ख़राब मानते हैं. इसी तरह मैं अगर उस घर में पैदा होता जहाँ आप पैदा हुए हैं,और आप मेरे घर में पैदा होते, तो हमारे दोनों के विचार आज के हमारे विचारों के ठीक उल्टे होते. इसलिए यदि सत्य को जानना हो, तो स्वयं को सामने वाले की परिस्थिति में रखकर भी सोचना चाहिए. यही सत्य की ओर हमारा पहला क़दम होता है.अब आप स्वयं को दंतेवाडा ज़िले के एक आदिवासी के घर में रखकर सोचिये कि तब वहाँ आपके विचार, पुलिस, सरकार, और नक्सलियों के बारे में क्या वही रहते, जो आज एक डी. जी. पी. के नाते हैं?

ख़ैर अभी आप इन बातों को नहीं मानेंगे. पर जब आप इस नौकरी पर नहीं रहेंगे, तब आपको सच्चाई बहुत परेशान करेगी. और तब आप पछताएंगे कि आपने सही काम करने का मौका रहते हुए अंतर्रात्मा की आवाज़ को क्यों नहीं सुना और वो सब क्यों नहीं किया जो सचमुच ठीक था.

6 नवंबर 2010

Nov 13, 2010

पहला शशि भूषण स्मृति नाट्य लेखन पुरस्कार घोषित


युवा रंगकर्मी शशि भूषण वर्मा की याद में स्थापित  फाउंडेशन  ने उनकी पहली वर्षी  ४ नवम्बर को आयोजित कार्यक्रम में ‘शशि भूषण स्मृति नाट्य लेखन पुरस्कार’ की घोषणा  की। सम्मान हिंदी के चर्चित नाट्य लेखक,रंग समालोचक और कथाकार हृशीकेष सुलभ को दिया जायेगा. पिछले वर्ष 4नवंबर को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की लापरवाही की वजह से   शशि भूषण वर्मा की एक बीमारी दौरान मौत हो गयी थी. 


शशिभूषण को याद करते दोस्त: नहीं रूकेगा सफ़र

 शशि तब राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में प्रथम वर्ष के छात्र थे। इलाज में लापरवाही और अस्पताल प्रशासन की चूक की वजह से हमें इस विलक्षण प्रतिभा से वंचित होना पड़ा। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (रानावि) में दाखिला लेने के पूर्व शशि का रंगमंचीय सफर लगभग बीस सालों का था। वह बचपन में ही रंग आंदोलन में शामिल हुए और तमाम आर्थिक,सामाजिक दिक्कतों के बावजूद उन्होंने अपने रंगमंचीय सफर को निरंतर जारी रखा।

अपने बीस साल के रंगमंचीय सफर में शशि की बीहड़ प्रतिभा ने कई मुकाम पार किए और संघर्ष की वह जीवटता दिखलाई जो बहुत कम ही रंगकर्मियों में दिखती  है। बिहार की तपती जमीन से शुरू हुआ उसका रंगमंचीय सफर पटना, गया, मसौढ़ी, नौबतपुर जैसे इलाकों और गांव-ज्वार तक फैले खेत-खलिहानों से निकलकर गोवा, रायगढ़, कोलकात्ता, जयपुर, दिल्ली, मुंबई जैसे देश के बड़े शहरों तक गतिमान रहा। उसकी रंगमंचीय प्रतिभा एक साथ कई क्षेत्रों में सक्रिय रही। निर्देशन, अभिनय, संगीत, गायन, वाद्य आदि तमाम रंगमंचीय अवयवों में वह एक साथ सिद्धहस्त थे इसलिए उसकी पहचान एक संपूर्ण रंगकर्मी की थी। अफसोस की हमें इस संपूर्ण रंगमंचीय व्यक्तित्व से असमय ही वंचित होना पड़ा।

सम्मान: ऋषिकेश सुलभ

शशि भूषण की स्मृति में मित्रों,सहकर्मियों और रंगकर्मियों ने शशि भूषण फाउंडेशन की स्थापना की है जिसका मकसद शशि के रंगमंचीय अवदान को बरकरार रखना है. फाउंडेशन के मुताबिक नाट्य लेखकों  को पुरस्कृत कर  हिंदी रंगकर्म में हो रहे नए नाटकों के अभाव को दूर करना है। इस पुरस्कार के तहत नाट्य लेखक को 11,000 रु की राशि, एक शाल और एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार हर साल १८ जुलाई को शशि की जन्मतिथि पर नाट्य लेखक को प्रदान किया जाएगा और उसी दिन लेखक के नाट्यलेख की प्रस्तुति भी की जाएगी। पुरस्कारों की घोषणा हर साल उसके निर्वाण दिवस 04 नवंबर को की जाएगी।

इस वर्ष के पुरस्कार की घोषणा पटना के वरिष्ठ रंगकर्मी परवेज अख्तर ने की। विगत तीन दशकों से कथा-लेखन,नाट्य लेखन, रंगकर्म के साथ-साथ हृशीकेष सुलभ की सांस्कृतिक आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी रही है। अमली,बटोली और धरती आबा मौलिक नाटक, माटी गाड़ी (मृच्छकटिकम् की पुनर्रचना) और मैला आंचल (रेणु के उपन्यास का नाट्यांतर) तथा तीन रंग नाटक शीर्षक नाट्य संकलन प्रकाशित हुआ है. कथा लेखन के लिए इस वर्ष लंदन के अंतर्राष्ट्रीय कथा-सम्मान सहित कई दूसरे सम्मान मिल चुके हैं।




Nov 11, 2010

और वह आतंकवादी बन गया

ठीक 26वर्ष पहले 1984में 31अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में सिक्खों का नरसंहार हुआ था। कांग्रेसियों की भागीदारी और निगरानी में हुए इस नरसंहार में तकरीबन दस हजार से अधिक लोग मारे गये और 50हजार से ज्यादा ने दिल्ली को असुरक्षिम मान अलविदा कहा। वहीं कुछ युवा रोष और नफ़रत की आग में खालिस्तानी हो गए, जिनमें एक नाम बचन का भी था...


हैनसन टी.के.

बचन सिंह पंजाब के एक साधारण किसान परिवार का करीब  23साल का सुंदर नौजवान था। रोजगार की तलाश में जब वह दिल्ली  आया तो जल्दी ही उसे एक टैक्सी स्टैंड पर ड्राइवर की नौकरी मिल गई । यह टैक्सी स्टैंड नई दिल्ली  के रफी मार्ग पर विठ्ठल भाई पटेल हाउस की चहर दिवारी के बाहर था ।

बचन बहुत ही हंसमुख लड़का था और जल्दी ही लोगों के साथ घुलमिल जाता था। विठ्ठल भाई  पटेल हाउस में रहने वाले कई नौजवानों से उसकी दोस्ती हो गई थी। अस्सी के दशक में डीवाईएफआई और एसएफआई दोनों के द़फ़्तर वीपी हाउस में ही थे। इन दोनों संगठनों के कई नौजवान कार्यकर्ता और खुद यह लेखक भी उन दिनों वीपी हाउस में ही रहा करता था। 

अन्याय के बढ़ते वर्ष : सरकार को नहीं मिले गुनहगार

 हर रोज़ शाम के समय हम लोग सामाजिक सरोकारों के विभिन्न  मुद्दों पर बहस करते थे। नुक्कड़ नाटक से लेकर फिल्म अभिनेत्री   रेखा तक,केंद्र सरकार से लेकर सर्वहारा क्रांति  और साम्राज्यवाद  तक सभी  विषयों पर चर्चा होती थी। जब बचन के पास काम नहीं होता तो वह भी  हमारे साथ शामिल होजाता था । वह प्रगतिशील विचारों का युवक था और लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति  उसकी गहरी आस्था थी।  सिखों की  धार्मिक पहचान मानी जानी वाली पगड़ी भी वह केवल तभी  पहनता था जब उसे अपने गांव जाना होता था।

अस्सी के दशक के शुरूआती वर्षों में पंजाब में अलगाववादी खालिस्तानी आंदोलन अपने चरम पर था। पंजाब में तो हिंसा और हत्याओं का सिलसिला था ही उग्रवादियों ने दिल्ली  में भी  अपनी गतिविधियां शुरू कर दीं थी। शहर के अलग अलग हिस्सों में बम धमाके किये जा रहे थे। डीटीसी की बसों को ख़ासतौर पर निशाना बनाया जा रहा था। यूएनआई की कैंटीन चलाने वाला स्वामी भी  डीटीसी बस में हुये ऐसे ही एक बम धमाके में घायल हो गया था।

पंजाब का उग्रवाद 1984तक आमतौर पर शहरों और कस्बों तक ही सीमित था। लेकिन अमृतसर के स्वर्ण मंदिर की क़िलेबंदी में रह रहे जरनैल सिंह भिंडरावालां और उसके साथी उग्रवादियों को खदेड़ने के लिये किये गये सेना के ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद हालात बदल गये थे। यह भी आरोप लगे कि जिस भिंडरावालां को कोई जानता तक नहीं था,वह कांग्रेस  की सरपरस्ती में ही सिख राजनीति के केंद्र में आया।

पंजाब में कांग्रेस का खोया वर्चस्व बहाल करने के लिये अकालियों में फूट डालने के इरादे से भिंडरावालां को शह दी जाती रही, लेकिन हालात कांग्रेस के हाथों से बाहर निकल गये और भिंडरावालां के नेतृत्व में उग्रवाद तेज़ी से फैलने लगा। मजबूर होकर सरकार को ऑपरेशन ब्लू स्टार जैसी बड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। सिख लोग परंपरागत रूप से बहुत धार्मिक प्रवृति  के होते हैं और उन्हें लगा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार उनके धर्म पर हमला है।


84 के दंगे में एक सिख युवक

 सरकार की इस कार्रवाई से सिख समुदाय को बड़ा आघात लगा और उनकी इन्हीं आहत भावनाओं की परिणति इंदिरा गांधी की मौत में हुई,जिनकी हत्या उनके ही सुरक्षाकर्मी ने कर दी जो खुद भी सिख था। इंदिरा गांधी के हत्या के बाद देश में भयावह सांप्रदायिक दंगे हुये। लगातार दो दिन तक दिल्ली जलती रही। हजारों सिखों का क़त्लेआम हुआ, उनकी महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ और उनकी संपतियां लूट ली गईं। शहर पर उपद्रवियों का क़ब्जा हो गया था।

भीड़ ने वीपी हाउस के टैक्सी स्टैंड पर भी हमला किया,लेकिन हमने खतरे को भांपते हुये पहले ही उनकी टैक्सियां कंपाउंड के भीतर करवा ली थी और सिख ड्राइवरों को अपने यहां बुलाकर बचा लिया। उपद्रवियों ने टैक्सी स्टैंड के तंबू और बाकी सामान में आग लगाकर अपना गुस्सा निकाला। कई जगहों पर कांग्रेसी नेता हिंसा पर उतारू भीड़ की अगुवाई कर रहे थे।

 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं ने भी हमलों में हिस्सा लिया। दिल्ली में हुये अगले चुनावों में आरएसएस ने कांग्रेसी उम्मीदवारों का खुलकर समर्थन किया। प्रशासन तंत्र को जान-बूझकर ठप कर दिया गया था। पुलिस को हिदायत थी कि भीड़ पर नियंत्रण करने की जरूरत नहीं है,बल्कि पुलिसकर्मी भी भीड़ को उकसाते हुये देखे गये। हिंसा का यह तांडव दो दिन तक निरंकुशता के साथ चलता रहा। तीसरे दिन सेना को बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत नुकसान हो चुका था।

कांग्रेसी नेतृत्व का यह तर्क सरासर खोखला था कि इंदिरा गांधी की हत्या की फौरी प्रतिक्रिया के तौर पर यह दंगे हुये। सच तो यह है कि पुलिस और प्रशासन ने समय रहते समुचित कदम उठाये होते तो काफ़ी हद तक नुकसान को टाला जा सकता था। उल्टे पुलिस और प्रशासन उपद्रव के दौरान निष्क्रिय बने रहे और राजनीतिक नेता भीड़ जुटाकर हमलों के लिये भड़काते रहे। राजीव गांधी का यह कुख्यात वक्तव्य ‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती कांपती हैं।' उस दौर में व्याप्त निरंकुशता का परिचायक है।

अपने जीवन में पहली बार मैंने सांप्रदायिक दंगे अपनी आंखों से देखे। यह मेरी कल्पना से परे था कि सांप्रदायिक जुनून में लोग इतने वहशी भी हो सकते हैं कि लोगों के गले काट डालें। जब किसी तरह से सामान्य स्थिति बहाल हुई तो मैं अपने कुछ दोस्तों के साथ दंगों से सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्रों में गया। वहां का दृश्य दिल दहलाने वाला था। सिख बस्तियों की तंग गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ था। इक्के दुक्के पुलिस वालों को छोड़कर कोई नजर नहीं आता था। पूरे इलाके की हवा में असहनीय दुर्गन्ध फैली हुई थी।

जब हम घरों के अंदर गये तो वहां डेरा डाल चुके आवारा कुत्ते बाहर निकलकर भागे। अंदर पड़ी लाशों में पहचान करना मुश्किल था कौन पुरूष और कौन स्त्री की है। ये लोग निश्चित ही किसी के माता, पिता, भाई, बहन, बेटा या बेटी रहे होंगे। सारा दृश्य भयावह था।

 आरोपी सज्जन कुमार : जनता के बीच अपराधी

कुछ दिनों के बाद शहर में स्थिति सामान्य होने लगी। टैक्सी स्टैंड वालों ने नया तंबू और लकड़ी का केबिन बना लिया था,लेकिन बचन सिंह कहीं नज़र नहीं आ रहा था। किसी को उसका अता पता मालूम नहीं था। कुछ लोगों का कहना था कि वह शायद वापस पंजाब चला गया। कुछ लोग उसके बारे में बात ही नहीं करना चाहते थे।

हम सबको बचन की बहुत याद आती थी। आखिर वह हमारा साथी था। समय बीतने के साथ लोग दंगों के दौरान की दर्दनाक घटनाओं को भूल गये । लगभग एक साल के बाद स्टैंड में काम करने वाले उसके एक साथी ने मुझे बताया कि बचन अब भारत में नहीं है। दिल्ली दंगों के बाद वह खालिस्तान आंदोलन में शामिल हो गया और इन दिनो तुर्की में एक आतंकवादी शिविर में था। वह आतंकवादी बन गया था। यह बात सुनकर मैं भौंचक्का रह गया। मैं किसको दोषी कहूं,अपने साथी बचन सिंह को जिसके पूरे समुदाय को आग में झोंक दिया गया या बेरहम पुलिस और प्रशासन को,जो आंखें मूंदकर मौत का तांडव देखते रहे या उन नेताओं को,जो अपने समर्थकों को हत्या, लूट और बलात्कार के लिये भड़काते रहे।

खालिस्तान आंदोलन कब का खत्म हो चुका है और देश की राजनीति में भी कई बड़े बदलाव हो चुके हैं,लेकिन आंतकवाद पूरे देश में पसर चुका है। पंजाब से वह कश्मीर पहुंचा और अब देश के सभी हिस्सों में आतंकवादी घटनायें होती हैं। हिंदू कट्टरवाद वटवृक्ष बन चुका है और अब यह सांप्रदायिक तनाव पैदा कर लोगों को बांटने,अपने राजनीतिक धड़ों के लिये वोट जुटाने की राजनीतिक रणनीति बन चुका है।

मुसलमानों को निरंतर निशाना बनाया जा रहा है। पूरे मुस्लिम समुदाय को शैतान के रूप में प्रचारित किया जा रहा है और उन्हें शक की नज़र से देखा जा रहा है। अब तो उदारवादी मुसलमान भी गुस्साये हुये हैं। जानी मानी अभिनेत्री शबाना आजमी ने अभी हाल ही में बताया था कि मुस्लिम होने के कारण उन्हें मुंबई में किराये पर मकान नहीं मिल सका पुणे और देश के दूसरे शहरों में भी ऐसे वाकये हुए हैं।

 अब कर्नाटक और उड़ीसा जैसे राज्यों में ईसाई समुदाय पर हमला किया जा रहा है जिनकी आबादी महज़ 2फीसद है। इन राज्यों में भी प्रशासन पीड़ितों को सुरक्षा देने की बजाए मुंह फेरे रहता है और दंगाई उत्पात मचाते रहते हैं। हमें अपने अतीत से सबक़ लेना चाहिये कि असहाय और लाचार लोगों के मन में आतंकवाद घर कर लेता है। बचन सिंह का मामला इसका ज्वलंत उदाहरण है।



लेखक सीपीएम के सदस्य हैं और सामाजिक-राजनितिक मसलों पर लिखते हैं.यह लेख मूल अंग्रेजी से अनुदित  कर  प्रकाशित  किया जा रहा है. फिलहाल वह हिंदी पाक्षिक पत्रिका  द पब्लिक एजेंडा में प्रबंधक हैं,  उनसे  hanskris@gmail.com संपर्क किया जा सकता है)

Oct 31, 2010

विश्वविद्यालयों में क्यों नहीं भरे जा रहे हैं आरक्षित पद?

दिल्ली विश्वविद्यालय में आरक्षण के कोटे को पूरा कराने के लिए संघर्षरत संगठनों की ओर से जारी पर्चे के संपादित अंश.
भारतीय संविधान लागू होने के बाद अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया. शुरू में यह केवल अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए क्रमश: 15 और 7.5 फीसदी था. इसके बाद समाज का एक वर्ग जो आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक रूप से कमजोर था उसे तात्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने मंडल आयोग के तहत 1991 में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण दिया. एक वर्ग जो अनुसूचित जाति/जनजाति और पिछड़े वर्गों से भी दुर्बल है यानी विक्लांग, इन्हें सरकार ने 1995 में नौकरियों में तीन फीसदी आरक्षण देने की घोषणा.

आजादी के 63 साल बाद केंद्रीय, राज्य और मानद विश्वविद्यालयों में अनुसूचित जाति/जनजाति के शिक्षकों को आरक्षण लंबी लड़ाई लड़ने के बाद 1997 में विश्लविद्यालय और कॉलेजों में आरक्षण लागू हुआ.पिछड़े वर्गों का आरक्षण विश्वविद्यालय और कॉलेजों में 2007 में व विक्लांगों को हई कोर्ट के आदेश के बाद 2005 में तीन फीसदी आरक्षण दिया गया.
सवाल यह उठता है कि दलितों, पिछड़ों और विक्लांगों के संदर्भ में आरक्षण को पूरी तरह लागू क्यों नहीं किया जा रहा है. शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, मनोवैज्ञानिक कारणों पर नजर डालने पर यह तथ्य सामने आता है कि आजादी के 63 साल बाद भी रूढ़िवाद ने हमारा पीछा नहीं छोड़ा है. पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने पर जिस प्रकार का हंगामा हुआ, इस पर कुछ सवर्णों ने आत्महत्या तक कर ली, आखिर यह सब क्या दर्शाता है? आरक्षण के मुद्दे पर खासकर शिक्षा के क्षेत्र में सरकार केवल औपचारिकता से ही संतुष्ट हो जाना चाहती है. समाज के इस शोषित, वंचित वर्गों को दिए गए आरक्षण को सवर्ण पचा नहीं पा रहे हैं. आखिर इसका कारण क्या है?
आज भी अधिकांष दलित गरीब हैं. उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है. वोट बैंक की राजनीति में नारों और तुष्टीकरण की राजनीति हावी होती जा रही है. प्राचीनकाल में विक्लांगों को दया का पात्र समझा जाता था. आज भी नौकरशाह उन्हें अपनी रूढ़िवादी हथकंडों का उपयोग कर, विक्लांगों को अक्षम और बेकार साबित करने में लगे हुए हैं.
शिक्षा के क्षेत्र में एक ओर सरकार सबको शिक्षा का अधिकार देने की वकालत करती है, लेकिन दूसरी ओर आरक्षण का ब्योरा भरने के प्रति शातिर दिमाग का उपयोग किया जा रहा है. बार-बार दलितों, विक्लांगों, पिछड़े वर्ग का कोटा कागजों और फाइलों में पूरा कर दिया जाता है. वास्तव में ऐसा होता नहीं है. सुप्रीम कोर्ट के साल 2000 में आदेश  देने के बाद भी विक्लांगों के लिए (2005)  आरक्षण का कोटा तक पूरा नहीं किया गया.
दिल्ली विश्वविद्यालय में दस हजार शिक्षक कार्यरत हैं. आरक्षण के हिसाब से अनुसूचित जाति के लिए 1500 और जनजाति के लिए 750 सीटें आरक्षित हैं, लेकिन वर्तमान में लगभग 650 ही शिक्षक इन वर्गों के हैं. इसी तरह विक्लांगों के 300 पदों में केवल 115 ही भरे गए हैं. पिछड़े वर्गों के 2700 में से 100 शिक्षक ही लग पाए हैं. बाकी तीन श्रेणियों का बैकलॉग लंबे समय से खाली पड़ा है, वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय का कहना है कि हमने आरक्षण पूरा कर दिया है.
शिक्षा के क्षेत्र में उच्चवर्गीय मानसिकता के लेाग आरक्षण को समाप्त करना चाहते हैं. अगर आरक्षण का कोटा नहीं भरा गया तो परिस्थितियां और भी विकराल हो सकती हैं. अगर आर्थिक कारणों पर नजर डालें तो विभिन्न विश्विवद्यालयों और महाविद्यालयों में सवर्णों का लिखित आरक्षण है. आजादी के 63 साल बाद भी दलितों के प्रति घृणा की भावना ज्यों की त्यों बनी हुई है. अधिकांश दलित गरीब होने के कारण दबाव समूह नहीं बन पाते. प्रजातंत्र में दबाव समूह की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है. आखिर मीडिया क्यों पिछड़े दलितों को महत्व दे रहा है? सामाजिक रूप से जातिवाद नए-नए रूप में सामने आ रहा है. चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, दलितों का मत प्राप्त करने के लिए आरक्षण का सवाल मजबूरी में रखा जा रहा है. सवर्ण हृदय से आरक्षण पसंद नहीं करते. राजनीतिक दृश्टि से नेताओं में राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव है. संसद में पहुंचने के बाद दलित नेता भी उदासीन हो जाते हैं. उन्हें केवल पद की चिंता रहती है. आज शिक्षा के क्षेत्र में पैसे का बोलबाला है. हमारा समाज जातियों और वर्गों में आज भी बंटा हुआ है.महंगी शिक्षा के कारण दलित, पिछड़े, विक्लांग उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं. केवल कुछ दलित, पिछड़ों, विक्लांगों की नियुक्तियों से यह कार्य पूरा नहीं होगा. इसके लिए विषेश प्रकार के आंदोलन की जरूरत है, जबतक कि नीचे के दलित संघर्ष के लिए तैयार नहीं होंगे तब तक आरक्षण का कोटा नहीं भरा जा सकता.
शिक्षा के क्षेत्र में आरक्षण लागू करने के लिए एक आंदोलनधर्मी जीवन दर्शन की जरूरत है. ऐसे में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की यह पंक्तियां रास्ता दिखाती हैं, अधिकार खोकर बैठे रहना,  यह महादुश्कर्म है, न्यायार्थ अपने बंधु को भी दंड देना धर्म है.
आज अगर शिक्षा के क्षेत्र में आरक्षण लागू नहीं हो पा रहा है तो हमें आज की परिस्थितियों का सही मूल्यांकन करते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा. समाज की पूरी मानसिकता को बदले बगैर इन परिस्थितियों पर काबू पाना कठिन है.

सौजन्य से
दिल्ली विश्वविद्यालय के लिए संघर्षरत प्रगतिशील संगठनों का साझा मंच.
संपर्क सूत्र:  9210315231, 9958797409, 9868606210, 9313730069, 9968815757, 9868485583, 9868238186

                            

Oct 30, 2010

पेडों के साथ गई, पेडों की छाँव रे

नर्मदा आंदोलन के पचीस वर्ष पूरे होने पर संघर्ष  को समर्पित एक गीत...


प्रशांत दुबे


देखो देखो देखो देखो, उजड़ गए गाँव रे ।

पेडों के साथ गई, पेडों की छाँव रे॥

हम माझी बन खेते रहे, समय की धार को ।

जाने काये डुबो दई, हमरी ही नाव रे॥



खेत हमरा जीवन है, धरती हमरी माता है।

इनसे हमारा सात जन्मों का नाता है॥

बांध तुम बनाते हो, हमें क्यूँ डुबाते हो।

हमारे खेतों में क्यूँ, बारूदें बिछाते हो॥

अपने स्वार्थ को विकास कह के तुमने।

हमरा तो लगा दिया, जीवन ही दाँव रे॥

पेडों के साथ गई........................................।




पुरखों से जीव और, हम साथ रह रहे।

पत्थरों को चीर कर, प्रेम झरने बह रहे॥

हम जंगल में जीते हैं, हमें क्यूँ भगाते हो।

पर्यावरण के झूठे आंसू क्यों बहाते हो॥

हमरी रोजी,हमरी बस्ती छीन कर सरकार ने ।

अपनों से दूर कर, कैसा दिया घाव रे॥

पेडों के साथ गई........................................।



http://www.cgnetswara.org/   से साभार

Oct 26, 2010

न्याय की गुहार पर सजा मुक़र्रर


 उन दलित सिपाहियों के लिए न्याय बात की है जो कश्मीर में मारे गए हैं और कूढ़े के ढेर पर बनी जिनकी कब्रों को मैंने देखा है.मैंने भारत के उन गरीबों की बात की है जो इसकी कीमत चुका रहे हैं और अब एक पुलिस राज्य के आंतक तले जीवित रहने का अभ्यास कर रहे हैं.


अरुंधती  राय  

मैं यह कश्मीर से लिख रही हूं.सुबह अखबारों से पता चला कि हाल ही में मैंने कश्मीर मसले पर जो सार्वजनिक बैठकों में  जो कुछ कहा उसके कारण देशद्रोह के आरोप में मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है.मैंने वही कहा है जो लाखों लोग यहां हर दिन कहते हैं.

मैंने वही कहा है जो मैं और दूसरे बुद्धिजीवी कई सालों से कहते आ रहे हैं.कोई भी इंसान जो मेरे भाषण की लिखित कॉपी पढ़ने का कष्ट करेगा समझ जाएगा कि मेरी बातें मूल रूप से न्याय के पक्ष में एक गुहार है.मैंने कश्मीरियों के लिए न्याय के बारे में बात की है जो दुनिया के सबसे क्रूर सैन्य आधिपत्य में रहने के लिए मजबूर हैं.मैंने उन कश्मीरी पंडितो के लिए न्याय की बात की है जो अपनी जमीन से बेदखल किए जाने की त्रासदी भुगत रहे हैं.

मैंने उन दलित सिपाहियों के लिए न्याय बात की है जो कश्मीर में मारे गए हैं और कूढ़े के ढेर पर बनी जिनकी कब्रों को मैंने देखा है.मैंने भारत के उन गरीबों की बात की है जो इसकी कीमत चुका रहे हैं और अब एक पुलिस राज्य के आंतक तले जीवित रहने का अभ्यास कर रहे हैं.
कल मैं सोपियां गई थी. दक्षिण कश्मीर का सेव-नगर जो पिछले वर्ष 47दिनों तक आशिया और नीलोफर के बलात्कार और हत्या के विरोध में बंद रहा था. आशिया और सोफिया के शव उनके घर के नजदीक बहने वाले झरने में पाए गए थे और उनके हत्यारों को अभी तक सजा नहीं मिली है.मैं नीलोफर के पति और आशिया के भाई शकील से भी मिली.

हम दुख और गुस्से से भरे उन लोगों के बीचो बीच बैठे थे जो ये मानते है कि भारत से अब उन्हे इंसाफ की उम्मीद नहीं हैं.और अब ये मानते हैं कि आजादी अब आखिरी विकल्प है.मैं उन पत्थर फेंकने वाले लड़कों से भी मिली जिनकी आंख में गोली मारी गई थी.एक नवयुवक ने मुझे बताया कि कैसे उसके तीन दोस्तों को अनंतनाग जिले में गिरफ्तार कर लिया गया था और पत्थर फेंकने की सजा के रूप में उनके नाखून उखाड़ दिए गए थे.

अखबारों में कुछ लोगों ने मुझ पर नफरत फैलाने वाला भाषण देने और देश को विखंडित करने की इच्छा रखने का आरोप लगाया है.जबकि इसके उलट मैंने जो कुछ कहा है वो गर्व और प्रेम की निष्पत्ति है.यह उस इच्छा का नतीजा है जो लोगों की हत्या नहीं चाहती,लोगों का बलात्कार नहीं चाहती,नहीं चाहती कि किसी को जेल हो और किसी को भारतीय कहलवाने के लिए उनके नाखून उधेड़ दिए जाएं.

यह उस समाज में रहने की इच्छा के फलस्वरूप है जो केवल और केवल न्यायसंगत होने की जद्दोजहद मे है.धिक्कार है उस देश को अपने लेखकों को उनके विचार रखने पर चुप कराना चाहता है.धिक्कार है उस देश को उन लोगों को जेल में रखना चाहता है जो न्याय की मांग करते हैं.धिक्कार है उस देश को जहां सांप्रदायिक हत्यारे, लोगों की जान लेने वाले, कारपोरेट भ्रष्टाचारी, लुटेरे, बलात्कारी, गरीबों का शिकार करने वाले खुलेआम घूमते हैं.

 अरूंधति रॉय
अक्टूबर 26, 2010
-------------------------------------------

तो अरुंधती देशद्रोही हो जाएँगी

प्रसिद्ध लेखिका और सामाजिक कार्यकर्त्ता अरुंधती राय ने दिल्ली के मंडी हाउस स्थित एलटीजी सभागार में २१ अक्टूबर को 'आज़ादी- द ओनली वे' नाम से आयोजित सम्मलेन में जो बोला उसको आधार बनाकर भारत सरकार १२४ए के तहत देशद्रोह मुक़दमा दर्ज कराने की तैयारी में है,जिसके तहत उन्हें आजीवन कारावास की सजा हो सकती है.सरकार यही मुक़दमा ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता सैएद अली शाह गिलानी पर भी दर्ज कराने के लिए विशषज्ञों से रायशुमारी कर रही है.

अरुंधती पर मुक़दमा दर्ज हो या नहीं इसको लेकर सरकारी महकमें में दो मत उभर रहे हैं.एक पक्ष का कहना है कि अरुंधती रॉय की गिरफ़्तारी होने से कश्मीर मसला अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का कारण बनेगा और इससे भारत के मुकाबले आज़ादी की मांग करने वालों को फायदा होगा.साथ ही यह कहा जा रहा है कि अरुंधती की गिरफ़्तारी होते ही भारत में भी माहौल गरमायेगा.दूसरी तरफ भाजपा इस मुद्दे को लगातार भुनाने में लगी हुई है,जिससे केंद्र की कांग्रेस सरकार तय नहीं कर पा रही है कि वह  क्या करे.

अरुंधती का भाषण जिसके आधार पर सरकार उन्हें देशद्रोही साबित करने पर तुली है....




कुछ और नहीं आज़ादी दो


मनुष्य-विरोधी कट्टरपन्थियों की चीख़-पुकार के आगे झुकने की बजाय और अपनी ख़ामियों का दोष कभी अंग्रेज़ों के,कभी पाकिस्तान के और कभी अमरीका के मत्थे मढ़्ने से बेहतर होगा कि हमारी सरकार अपने गरेबान में झांके और हर मतभेद को फ़ौजी कार्रवाई द्वारा सुलझाने से गुरेज़ करे...


नीलाभ

जैसे-जैसे हमारे देश में आन्तरिक विग्रह बढ़ता जा रहा है और लूट-खसोट का बाज़ार अपने उरूज़ पर है,जिसकी सबसे नुमायां मिसालें हैं हाल के कॉमनवेल्थ खेल और पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़,झारखण्ड,आन्ध्र, महाराष्ट्र,उड़ीसा और बंगाल के आदिवासी इलाक़ों में सरकार की मदद से बड़े पूंजीवादी निगमों के दमन और अत्याचार का कसता शिकंजा. 

उसी तरह  कश्मीर का सवाल और अयोध्या के प्रस्तावित राम मन्दिर का प्रश्न --ये दो मसले और सभी सवालों को पीछे छोड़ कर आगे आ गये हैं और इनके बारे में किसिम-किसिम के बयान और फ़तवे दिये जाने लगे हैं जबकि ये मसले स्थायी और न्यायपूर्ण समाधान की मांग करते हैं.जहां तक अयोध्या का मसला है,उस पर हाल ही में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने जो फ़ैसला दिया है,उसने आस्था को आधार बना कर तथ्य और तर्क को परे रखते हुए,होशमन्द-से-होशमन्द आदमी को चकरा दिया है.

खुश हैं तो सिर्फ़ संघ परिवार के लोग जिनकी पिटी हुई नौटंकी को इस फ़ैसले से नयी ज़िन्दगी और नयी मीयाद मिल गयी है और अब उनके हाथों में दो लड्डू हैं.सुन्नी वक्फ़ बोर्ड ज़रूर सांसत में है, क्योंकि उसकी स्थिति दांतों के बीच जीभ जैसी है.

रहा सवाल कश्मीर का,तो यह मसला भी अपने ताज़ा दौर में लगभग उतना ही पुराना है जितना अयोध्या का मसला. कश्मीर में क़बाइलियों का हमला 1948 में हुआ था तो बाबरी मस्जिद के सिलसिले में मुक़द्दमा भी 1948 में ही दायर हुआ और अयोध्या में षड्यंत्रपूर्वक रामलला की मूर्ति न्यायालय में विचाराधीन वाद को प्रभावित करने की ख़ातिर 1949में रखी गयी जिसका हवाला सब-इन्सपेक्टर की रिपोर्ट में है और जिसका संज्ञान तक इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फ़ैसले में नहीं लिया गया है.सच तो यह है कि ये दोनों ही मसले आधुनिक हिन्दुस्तान की तारीख़ में सीधे-सीधे उस विराट अनर्थकारी घटना के परिणाम हैं जिसे हिन्दुस्तान का बंटवारा कहते हैं.
वैसे तो किसी भी भूभाग में सीमा-निर्धारण कभी अन्तिम नहीं होता.देशों के इतिहास में सत्ता के बदलते समीकरणों के अनुसार भूभाग इधर-उधर होते रहे हैं, होते रहते हैं, 1945 में बांटा गया जर्मनी आज एक है. लेकिन दो राष्ट्रों के सिद्धान्त पर 1947में हिन्दुस्तान का बंटवारा ऐसा बदक़िस्मती-भरा हादसा है जिसकी मिसाल हमारे इतिहास में सदियों से नहीं मिलती.

दो राष्ट्रों के इस नक़ली और जन-विरोधी सिद्धान्त पर देश को बांटने का फ़ैसला जितने ख़ून-ख़राबे और जितनी मानवीय पीड़ा की क़ीमत पर,बांटे जा रहे लोगों की इच्छा-अनिच्छा जाने और उसका ख़याल किये बग़ैर,और आगे भविष्य में विग्रह और वैमनस्य के आधार पैदा करते हुए जिस निर्णायक ढंग से किया गया वह पिछले तीन-चार हज़ार साल के इतिहास में अभूतपूर्व है.इस फ़ैसले को रूप देने वाले तो हिन्दुस्तान की जनता के तईं गुनहगार हैं ही, इसे तस्लीम करने वाले नेता भी उतने ही गुनहगार हैं.

ऐसी हालत में यह सवाल उतना सीधा नहीं रह जाता कि कश्मीर (या देश का कोई भी हिस्सा)हिन्दुस्तान का अभिन्न और अखण्ड अंग है या नहीं, था या नहीं, और रहना चाहिए या नहीं और अगर नहीं रहना चाहिए तो फिर उसके अस्तित्व का क्या स्वरूप होना चाहिए.
इसमें कोई शक नहीं है कि हिन्दुस्तान की सरकार ने एक लम्बे समय तक कश्मीर को विशेष दर्जा देते हुए कुछ खास क़िस्म के "पैकेज" देने का बन्दोबस्त किया हुआ है. लेकिन इसमें भी कोई शक नहीं है कि वहां के आम लोगों के हालात बद-से-बदतर होते चले गये हैं और वहां अरसे से असन्तोष पनपता रहा है जिसका कोई मुकम्मल समाधान नहीं किया गया. इससे भी कोई मुकर नहीं सकता कि एक बहुत लम्बे अरसे से केन्द्रीय सरकार ने कश्मीर में सेना तैनात कर रखी है और "सैन्य बल विशॆष अधिकार क़ानून" वहां लागू कर रखा है. 1989 से अब तक लगभग बीस बरसों में हज़ारों कश्मीरी लोग मार दिये गये हैं या फ़ौजों और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा लापता कर दिये गये हैं.

ख़ुद भारत सरकार ने माना है कि अब तक 47,000लोग जानें गंवा बैठे हैं जिनमें फ़ौजियों और सुरक्षाकर्मियों की संख्या 7,000है और इनमें लापता लोगों की तादाद शामिल नहीं है.अन्य सूत्रों का कहना है कि मारे गये और लापता लोगों की संख्या 1,00,000से ऊपर है.चूंकि फ़ौजियों और सुरक्षाकर्मियों के बारे में आंकड़े ग़लत नहीं हो सकते, इसलिए हैरत होती है कि वहां किस पैमाने पर और किस क़िस्म की कार्रवाई हो रही है.यह कैसा समाधान है जो लोगों को नेस्त-नाबूद करके किया जा रहा है और क्यों इसे जनसंहार नहीं कहा जाना चाहिए ?

कश्मीर में हिन्दुस्तानी फ़ौज का रिकार्ड बहुत ख़राब रहा है.ऐसा कोई अमानवीय कृत्य नहीं है जो उसने वहां न किया हो --हत्या से ले कर बलात्कार तक.ज़ाहिर है कि केन्द्रीय सरकार ने ख़ुद प्रकारान्तर से यह मान लिया है कि कश्मीर में उसकी फ़ौज हमलावर फ़ौज की तरह उपस्थित है.यहां तक कि आम हिन्दुस्तानियों को भी महसूस होने लगा है कि तीस से भी अधिक वर्षों तक देश के किसी हिस्से और उसके वासियों को केवल फ़ौज के बल पर क़ाबू में रखना एक तरह से उस हिस्से और उसके वासियों पर युद्ध थोपने के बराबर है.

कभी अंग्रेज़ों की तो कभी पकिस्तान की साज़िशों का हवाला दे कर सरकार ने कश्मीर के स्थायी राजनैतिक समाधान को टाले रखा है. शायद ऐसी ही चालें पकिस्तान के जन-विरोधी, अलोकप्रिय हुक्मरान भी अपनी जनता के प्रति अपने वादों को निभा न पाने के कारण असली मुद्दों से ध्यान बंटाने की ख़ातिर करते आ रहे हैं. सच तो यह है कि दोनों देशों की सरकारें अपने बाशिन्दों के तईं समान रूप से गुनहगार हैं और हिन्दुस्तान की सरकार लोकतन्त्र का जितना राग अलापे,लोकतन्त्र और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की दृष्टि से उसका रिकार्ड अनन्त दाग़ों और धब्बों से भरा है.

ऐसी हालत में अगर कश्मीरी जनता इस अन्तहीन सैनिक शासन से तंग आ कर आज़ादी की मांग करने लगी है तो इसमें हैरत कैसी? अब तक के मानव इतिहास में आत्म-निर्णय का अधिकार देशों का बुनियादी अधिकार होता है.इसी अधिकार के चलते अतीत में किसी मोड़ पर महाराष्ट्र और सौराष्ट्र जैसी राष्ट्रिकताओं ने हिन्दुस्तान में रहने का फ़ैसला किया था.इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता कि हिन्दुस्तान अनेक राष्ट्रिकताओं, भाषाओं, धर्मों, जातियों, विश्वासों और रहन-सहन की शैलियों का देश है.यह उसकी ख़ासियत है.ऐसी स्थिति में कश्मीर हो या पूर्वोत्तर के प्रान्त,उनमें पनपने वाले असन्तोष का निराकरण फ़ौज के बल पर नहीं किया जा सकता और नहीं किया जाना चाहिए.

यहां तक कि पुराने नाम से पुकारूं तो जम्बू द्वीप के किसी भी हिस्से के स्वरूप और उसकी क़िस्मत का फ़ैसला इतिहास की गवाही के आधार पर और राजनैतिक ढंग से,जनता के आत्म-निर्णय के अधिकार को तस्लीम करके ही किया जाना चाहिए. 1947 में हमारे नेताओं ने अंग्रेज़ों के प्रति अपनी ग़ुलामाना ज़ेहनियत के चलते (जो, प्रधान मन्त्री के औक्सफ़ोर्ड भाषण को देखें तो,आज तक बरक़रार है)इस बुनियादी सिद्धान्त को ताक पर धर दिया जिसका ख़मियाज़ा हम आज तक भुगत रहे हैं.

जहां तक कश्मीर के मसले को उलझाने में बाहरी (कथित रूप से पाकिस्तानी)साज़िश वाली मान्यता का सवाल है,एक बुनियादी सत्य यह है कि जब तक आन्तरिक भेद-भाव और विभाजन न हो तब तक कोई बाहरी ताक़त हावी नहीं हो सकती.इसलिए पाकिस्तान को पूरी तरह दोषी ठहराने की बजाय या फिर संघ परिवार और उन जैसे हिंसक मनुष्य-विरोधी कट्टरपन्थियों की चीख़-पुकार के आगे झुकने की बजाय और अपनी ख़ामियों का दोष कभी अंग्रेज़ों के,कभी पाकिस्तान के और कभी अमरीका के मत्थे मढ़्ने से बेहतर होगा कि हम और हमारी सरकार अपने गरेबान में झांके और हर मतभेद को फ़ौजी कार्रवाई द्वारा सुलझाने से गुरेज़ करे.राजनैतिक समस्याओं का राजनैतिक हल ही खोजना और लागू करना चाहिए.ऐसा न करने पर ही यह हुआ है कि आज कश्मीरी जनता आज़ादी की मांग करने लगी है.हिन्दुस्तान से भी और पाकिस्तान से भी क्योंकि जहां तक कश्मीरियों का सवाल है ये दोनों देश एक ही सिक्के के दो पहलू साबित हुए हैं.
अगर हम अन्धे नहीं हैं तो दीवार पर लिखी इबारत साफ़-साफ़ पढ़ी जा सकती है.कश्मीर को कभी "फ़िरदौस बर रुए ज़मीन" कहा गया था -- धरती पर स्वर्ग -- ज़मीन पर जन्नत. ज़रा देखिए कि हमने किस ख़ूबी से उस जन्नत को जहन्नुम में, फ़िरदौस को दोज़ख़ में तब्दील कर दिया है और इस गुनाह में हमारे हाथ भी उतने ही मुब्तिला हैं जितने पकिस्तान के.

जो हम अब भी न चेते तो फिर इस देश को खण्डित होने से हम बचा नहीं पायेंगे और शायद कश्मीर ही वह पहला हिस्सा होगा जो किसी अंग्रेज़ी हुकूमत की साज़िश के कारण नहीं,बल्कि विशुद्ध रूप से हमारे निर्मम, क्रूर, अमानवीय, अन्यायपूर्ण और हिंसक व्यवहार के कारण अलग होगा और कोई भी ताक़त या तर्क इसे रोक नहीं पायेगा.


(नीलाभ हिंदी  कवि और  सामाजिक-राजनितिक मसलों के टिप्पणीकार हैं, उनसे neelabh1945@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है)