Oct 4, 2010

जज साहबानो से गुजारिश



मुस्लिम छात्रों के बीच काम करने वाले संगठन 'सिमी' जो कि अब प्रतिबंधित है, के पूर्व अध्यक्ष शाहिद बदर फलाही बाबरी मस्जिद मालिकाने के फैसले को मुस्लिम विरोधी मानते हैं. अदालत से मुस्लिमों को क्या उम्मीद थी और अब उनकी आगे की क्या रणनीति है को लेकर  शाहिद बदर से जनज्वार की विशेष बातचीत.
खेद है कि तीन दिन पहले  हुई इस बातचीत को हम आज प्रकाशित कर पा रहे हैं...


साक्षात्कार सुनने के लिए नीचे  बाएं ओर क्लिक करें !

Oct 1, 2010

खाप नहीं, पंचायत का फैसला कहें !


जहाँ फैसला उत्तर प्रदेश में होने वाली परीक्षाओं की तरह लीक हो रहा हो,जजों से पहले जनता ही जजमेंट कर रही हो और बाद में अदालत पंचायत की खानापूर्ति, वैसे में वामपंथी भर्त्सना की जुगाली कर अपने होने का एहसास दर्ज कराते रहें, आखिर यह कैसी प्रगतिशील विडम्बना है.

अजय प्रकाश

हरियाणा में खाप पंचायतों की सुनवाइयों में आते-जाते एक पत्रकार मित्र एक दिन अचानक भड़क गए और उन्होंने अभिव्यक्ति की  आज़ादी का उपयोग करते हुए खापों की मौजूदगी पर सवाल दाग दिया. मित्र जहाँ सवाल दाग रहे थे वह कैथल का एक चौराहा था और उनकी अभिव्यक्ति की आज़ादी को काफी देर से एक चौधरी सब्र से सुन रहा था. उससे रहा न गया तो उसने मित्र को अपने करीब आने का इशारा किया.

चौधरी ने पत्रकार मित्र से कहा, 'बात तो तू ठीक केह र्रेआ है छोरे, पर म्हारे को जे समझ में नहीं आ रहा है कि ऐसा होत्ता क्यों नहीं?'

मित्र थोड़ा घबडा गए और सामाजिक हालात,सामंती समाज और साम्राज्यवाद के कहर के बारे में कुछ बुदबुदाने लगे. उन्होंने जो अंतिम वाक्य  बोला वही साफ़ से सुनाई दिया कि 'तभी तो बदलेगा...' 

मित्र की बात सुन चौधरी जोर-जोर से हंसने लगा.उसने बगल में मौजूद हजाम की दुकान से ऐनक मंगाया और मित्र को और नजदीक आने का इशारा किया. नजदीक का इशारे होते ही मित्र घबराये.

चौधरी उनको ऐनक दिखाते हुए बोला, 'इसमें तू अपना चेहरा देख और पहचान की तू है ना.'

'हाँ मैं ही हूँ' - मित्र का चेहरा इतना बताने में बिलकुल ललिया चुका था.

चौधरी बोला, 'तू दुबारा देख तू ही है ना!',

मित्र ने कहा 'लगता तो मैं ही हूँ...वैसे'

फिर तीसरी बार चौधरी चढ़ बैठने के अंदाज़ में बोला, 'अबकी ध्यान से देख, बता तू ही है ना'

तो मित्र बोल पड़े, 'नहीं, शायद मैं नहीं... मैं नहीं...'

हम साथ-साथ हैं : आप किसके साथ
चौधरी ऐनक एक तरफ रखते हुए बोला,'छोरे अभी तो ठीक से मैंने तुझे डपटा भी नहीं कि तू अपना चेहरा भूलने लगा और बात करता है कि खाप क्यों है, हत्याएं क्यों हैं. कभी हमारे साथ दिन तो गुजार,  खुद ही पता पड़ जावेगा कि लिखने और करने में पूरे एक जीवन का फर्क कैसे होवे है.जब बिन गिनती के लाठियां गिरती हैं,सरेआम फांसी दी जाती है और सरेराह बलात्कार होता है तो वहां कलम कहीं नहीं होती. वहां होवे है परिवार और समाज. तुम्हारे जैसे थानों में रहे हैं कि आंसुओं की गिनती ठीक-ठीक कर सकें.तुम्हारे बाद जो नखादे बैठते हैं विश्लेषण करने, वह तो और भी निराले हैं. मानो उनके महान वचनों को पढ़कर सत्ता हिल जाती है और खाप के पापियों को दिव्यज्ञान हो जाता है.'

चौधरी आगे बोला 'और सुण! जब तक तेरे जैसे खाप विरोधी रहेंगे, तबतक खापों का कुछ न होने का. छोरे तू तो ऐसा सेनापति है जिसने न तलवार देखी ना धार, पर सर कटाने के लिए झुका दिया. तेरे जैसों ने ही बंटाधार किया है, नहीं तो खाप कब की खाट पर पहुँच चुकी होती.'

चौधरी ने हरियाणवी में करीब यही बातें कहीं थीं.उसकी इतनी बातें सुनने के बाद हमलोग गाड़ी में बैठे तो ड्राइवर ने कहा,- 'बुड्ढा लोकल था,अच्छा किया कुछ बोला नहीं, आखिर आप लोगों ने कोई खाप का विरोध तो किया नहीं था.'

चौधरी की वह बात आज फिर एक बार बाबरी मस्जिद मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आये फैसले के बाद सच साबित होती दिख रही है. वह इसलिए कि अपने को प्रगतिशील कहने वाला समाज ऐसी प्रतिक्रिया कर रहा है जैसे उसे ऐसे फैसले की उम्मीद तो थी ही नहीं.या इसे दूसरी तरह से देखें तो लग रहा है कि लेखक-पत्रकार इंतज़ार में रहे हों कि फैसला जैसे ही आएगा, मुसलमानों के पक्ष में दे दनादन...

सत्ता की आलोचना को भी पर्याप्त तैलीय बनाकर पेश करने वाले इन चूके हुए खिलाडियों को देख कई बार लगता है कि वह किसी मामले में हस्तक्षेप से ज्यादा अपने होने का सबूत देते हैं कि लोग उन्हें लुप्तप्राय न मान लें. हो सकता है अपने होने का सबूत देने के लिए कल से वह मुस्लिम समाज को गरियायें, जो कि दिल में कसक लिए सिर्फ इस बात पर खुश हैं कि चलो एक फैसला तो आया.

जुबान से कैसे रुकेगा रेला                                                                 फोटो- बीबीसी
चौधरी की बात याद करें 'कभी हमारे साथ दिन तो गुजार, खुद ही पता पड़ जावेगा कि लिखने और करने में पूरे एक जीवन का फर्क कैसे होवे है.' शायद इसीलिए मुसलमान बुझे मन से सही, मगर फैसले पर वह तल्ख़ प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं जैसी तथाकथित वामपंथी दे रहे हैं. यानी साफ है कि अपने होने का सबूत देने वाले तथाकथित वामपंथी अभी भी बोल रहे हैं और कल भी बोलेंगे.मगर जियेंगे मुसलमान और सामने होंगे हिन्दू, जहाँ कहीं नजर नहीं आयेंगे ये लोग.

वर्ष 1949 से चले आ रहे इस मुकदमे में जरा इन जैसे तथाकथित प्रगतिशीलों का कोई रोल हो तो बताएं, जो फैसले के बाद कागज काले किये जा रहे हैं.साथ ही कोई यह बताये की इस फैसले के आने के बाद किसी वामपंथी पार्टी ने इस सन्दर्भ में आगे कुछ करने की सोची है. अगर ऐसी कहीं से सूचना हो तो स्वागत है. क्योंकि इतिहास पूछेगा कि बात बहादुर वामपंथियों कि क्या भूमिका थी, जब वे फैसले में कांग्रेस पार्टी की जरूरत और भाजपा के असर को गिनवा रहे थे.

बात दूर कि न करें.अयोध्या से अगला जिला आजमगढ़ है जहाँ दर्जनों निर्दोष मुस्लिम नौजवान आतंकवादियों के नाम पर फर्जी तरीके से जेलों में भरे जाते रहे,जिला बदर होते रहे.मगर विरोध में एक भी मुकम्मिल आवाज वामपंथियों की ओर से नहीं उठी. किसी वामपंथी पार्टी के बुद्धिजीवी-लेखक संगठन ने यह जहमत नहीं उठाई कि इन फर्जी गिरफ्तारियों के खिलाफ आजमगढ़ में विरोध दर्ज कराया जाये.जिन लोगों ने कोशिश की उनको कई बार संगठन के भीतर आलोचनाएँ झेलनी पड़ीं और दुत्कारा गया.

मौजू बाबरी मस्जिद मामले पर मालिकाने के फैसले को देखें तो यह बात बड़ी साफ़ है कि पिछले पखवाड़े भर से यह खबर आम थी कि फैसला निर्मोही अखाड़े के पक्ष में आएगा, इसलिए बलवे की कोई गुंजाइश नहीं है. फिर दृश्य बदला और सर्वोच्च न्यायालय का हस्तक्षेप हुआ. तय समय 24 सितम्बर को इलाहाबाद उच्च न्यायायलय का आने वाला फैसला लंबित होता दिखा. मगर सर्वोच्च न्यायालय का दुबारा आदेश आया कि उच्च न्यायालय विवादित भूमि पर अधिकार के मामले में 30 सितम्बर को फैसला दे. सर्वोच्च न्यायालय ने यह आदेश 28 सितम्बर को दिया. उसी शाम यह चर्चा होने लगी कि जमीन तीन हिस्सों में बंटेगी.

ऐसे में सवाल उठता है जहाँ फैसला उत्तर प्रदेश में होने वाली परीक्षाओं की तरह लीक हो रहा हो,जजों से पहले जनता ही जजमेंट कर रही हो और बाद में अदालत पंचायत की खानापूर्ति, वैसे में वामपंथी भर्त्सना की जुगाली कर अपने होने का एहसास दर्ज कराते रहें, आखिर यह कैसी प्रगतिशील विडम्बना है.


Sep 30, 2010

धर्मांध प्रदेश


जनता ने महसूस किया वह  एक ऐतिहासिक भूल थी तथापि फैसला आया  कि वह धार्मिक उन्माद फैलाने वालों को संरक्षण प्रदान नहीं करेगी.जनता के इस निर्णय से उन्माद फैलाने वालों में बेचैनी फैल गयी और वे हुआं- हुआं करने लगे...


अजय प्रकाश

घटना प्राचीन है वर्णन अर्वाचीन। बहुत समय पहले की बात है,उस समय दक्षिण एशिया में एक धर्मदेश था। उस धर्म देश में धर्मांध लोग अपने-अपने धर्म के प्रति अंधभक्ति रखते। धर्मांध जन सामान्यतया एक-दूसरे के प्रति सहिष्णुता का परिचय देते। कभी-कभार मच्छरदानी के अंदर से या कमरे के ‘बिलोक’ से अपने धर्म को श्रेष्ठ साबित करने के चक्कर में दो-दो हाथ कर लेते। बाद में वे अफसोस भी करते। इस तरह वे अपने देश की दो महान नदियों के नाम पर बनी संस्कøति को समृद्ध करते।

प्रदेश में ज्ञानवान, ओजवान तथा बुद्धिमान लोगों की भी एक प्रजाति बसती, जो अनुदान, महादान या इसी तरह का कोई और दान लेकर देशभर में सहिष्णुता, सौहार्द बनाये रखने के लिए ‘कलमिया कसरत’ करते। जब कभी उन्हें यह लगता कि जनता ने उनको विलुप्त प्राय मान लिया है तो वे दो चार दिन जिंदाबाद-मुर्दाबाद की मौसमी कसरत भी कर लिया करते। इस प्रकार धर्मांध प्रदेश की जनता सुख-चैन से रहा करती।


धर्मान्धियों  की जीत और जश्न: मगर अब अफ़सोस भी
 परंतु एक अप्रत्याशित घटना ने धर्मांध प्रदेश समेत पूरे ‘धर्मदेश’ का ढांचा बदल कर रख दिया।

कुछ साल पहले हुई एक घटना की सुनवायी चल रही थी। मामला एक धार्मिक संप्रदाय द्वारा दूसरे धार्मिक संप्रदाय की धर्मस्थली को ढहाये जाने का था। वैसे इस घटना के बाद धर्मांध जनता ने महसूस किया कि यह एक ऐतिहासिक भूल थी तथापि जनता ने यह फैसला किया कि वह धार्मिक उन्माद फैलाने वालों को संरक्षण प्रदान नहीं करेगी,जिसकी वजह से धार्मिक उन्माद फैलाने वालों में बेचैनी फैल गयी और वे हुआं-हुआं करने लगे.

जनता को उनकी प्रत्येक घोषणाओं,वायदों में धार्मिक उन्माद की ही बू आती। वह जहाँ भी जाते लोग अपनी जमात में लोग उन्हें शामिल नहीं करते.अतः इस संकट से उबरने के लिए धर्मांवादियों ने चिंतन बैठक की। जिसमें यह फरमान जारी किया गया कि ‘जनता का संरक्षण प्राप्त करने के लिए जनता से सच्चाई बयान करो।’

अतः सुनवायी के दौरान उन्मादी धर्मोन्मादी प्रमुख ने कहा-‘हे धर्मदेश की धर्मांध जनता!हम तुच्छ इंसानों में यह शक्ति कहां कि जो इतना बड़ा फसाद करायें। धर्म देश के मुक्त होने के पहले या बाद में जितने भी बंटवारे,दंगे, कत्लेआम हुए उसके हम साधन मात्र थे, साध्य होने की कूवत हममें कहां है? वह सब तो उस परमपिता परवदिगार---की बदौलत हो पाया। हे महान जनता,इसके साक्ष्य इतिहास से लेकर वर्तमान तक में भरे पड़े हैं। पिछले वर्षों में हमारे द्वारा कराये गये कत्लेआम की प्रेरणा भी वहीं से प्राप्त हुई थी।

अतः मैं महामहिम उच्चतम न्यायालय में पूर्ण आस्था रखते हुए गीता की कसम खाकर कहता हूं कि ‘मस्जिद हमने नहीं उसी ने गिरायी 'एक्ट आफ गॉड।’

धर्मोन्मादी की उक्त बातें सुनकर जनता की ओर से तत्काल एक सभा बुलायी गयी। जिसमें यह प्रस्ताव पारित हुआ कि ‘प्रदेश में ही नहीं, देश में ही नहीं दुनिया में चैन की जिंदगी बसर करने वाली जनता को बेचैन करने वाले मूल तत्व का पता चल गया है। अतः हम प्रदेश वासियों का नैतिक कर्तव्य है,चाहे वह स्त्री हो या पुरुष,बच्चा हो कि बूढ़ा, ‘उसको’ ढूंढ़ने में मदद करे।

प्रदेश भर की जनता एकजुट होकर उसकी तलाश में जुट गयी। बच्चों,महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग टीमें बनायी गयीं। महिलाओं-बच्चों ने अपने घर में बने आस्थागृहों को तोड़ा, घर में लगे कैलेण्डरों, फोटो आदि को फांड़-फूड़, कूंच-कांचकर देखा कहीं उस आस्तीन के सांप का पता नहीं चला। बड़ों ने बड़े-बड़े स्थलों को ढहाया, नेव तक खोद डाले गये। इस प्रकार धर्मांध प्रदेश में ही नहीं पूरे ‘धर्म -देश’ में धर्म विशेष के धार्मिक स्थलों का सफाया कर दिया गया।

इस महाभियान में पूरे ‘धर्म देश’ की जनता शामिल हो गयी थी। परंतु पता न चल पाने के कारण लोग मायूस थे।

अब सन्यासी नहीं बनेंगे दंगाई:  खेलेंगे-देखेंगे खेल
पुनः सभा बुलायी गयी। ‘परवदिगार’ को गिरफ्तार किये जाने की तरकीबों पर सलाह-मशविरा हुआ। अंत में तय हुआ चूंकि धर्मदेश की जनता सदियों से यह सुनती आ रही है कि सभी धर्मों के ईश्वर एक होते हैं,लोगों ने सिर्फ उच्चारण की सुविधा के अनुसार अलग-अलग नाम रखे हुए हैं। हो न हो ‘वह’ जरूर किसी बिरादर आस्था की जगह पर छुपा होगा। अतः धर्मदेश की जनता सर्वसम्मति से यह निर्णय लेती है कि देश में स्थित इस तरह की सभी संस्थाओं को नष्ट कर दिया जाये और ‘परमपिता’ जनता की अदालत में पेश किया जाये,जहां ‘पैगम्बर’ के लिए फांसी की सजा मुकम्मल की गयी है। इसको अंजाम देते हुए इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये कि जो लोग जिसमें आस्था रखते हों उनको ही (विशेष रूप) उनके स्थलों को नष्ट करने की इजाजत दी जाये।

चूंकि इन स्थलों में वैसे तामझाम नहीं थे इसलिए जनता ने इनका काम कम समय में ही तमाम कर दिया।

इन सबके बाद जो हुआ वह कहीं अधिक दिलचस्प था। इन स्थलों के ध्वसत होने के बाद धर्मांध प्रदेश के लोगों ने अपने प्रदेश का नाम बदल देने का फैसला किया तथा ‘जिम्मेदार’ संस्था को आवेदन लिखा। इसके बारे में लोगों का कहना था कि वे अब हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, से ‘इंसान’ हो गये हैं। अब वे नये तरह के कायदे-कानून बनायेंगे।

स्त्रियां अब सड़कों पर चलते समय किसी तरह का चिरकुट नही ओढ़ा करतीं। बच्चे आपस में मिल-जुलकर खेला-पढ़ा करते। लोग संगीत, साहित्य, कला, खेल में रुचि लेने लगे। और इस प्रकार ‘भगवान’ धीरे-धीरे इतिहास की किताबों में दर्ज हो गया।

लेकिन अचानक एक सुबह भारी भीड़ प्रदेश की तरफ बढ़ती हुई दिखी। प्रदेश की जनता ने उनको पहचान लिया।

लोग कहने लगे, ‘वो देखो-इनमें तो दाढ़ी वाले, चुरकी वाले, पगड़ी वाले सभी एक साथ हैं---ये तो सभी एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं।’
ये तो नारे भी लगा रहे हैं----तख्ती पर कुछ---‘हमारे धार्मिक अड्डों को बसाओ,हम ईश्वर के प्रतिनिधि हैं।’
मगर ये अजायबघर से बाहर कैसे आये?इनको तो बच्चों के मनोरंजन के लिये रखा गया था-बाशिंदे सोचने लगे।

फिर लोगों ने सोचा जब ये आ ही गये हैं तो इनको सुधारगृहों में डाल दिया जाय तथा श्रम करके उपार्जन करने की मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा दी जाय। लोगों के इस फैसले के बाद से खबर लिखे जाने तक सबकुछ ठीक-ठाक होने की सूचना है और सरकार है कि फिर अमन बहाली नहीं कर पा रही है.  

Sep 29, 2010

'प्रधानमंत्री बाबरी विध्वंस टाल सकते थे'


बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद पीवी नरसिंह राव सरकार से इस्तीफा देने वाले कैबिनेट मंत्री माखनलाल फोतेदार से अजय प्रकाश की बातचीत




बाबरी मस्जिद विध्वंस कांड की जांच कर रहे लिब्रहान आयोग ने कभी आपको गवाह के तौर पर बुलाया ?

सत्रह वर्षों की जांच प्रक्रिया के दौरान आयोग ने अगर एक दफा भी मुझे बुलाया होता तो रिपोर्ट में यह जानकारी सार्वजनिक हुई होती। उन्होंने क्यों नहीं बुलाया यह बताने में मेरी दिलचस्पी नहीं है। मैं इतना भर कह सकता हूं कि अगर कोई बात इस संदर्भ में आयोग ने हमसे की होती तो तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव का जो सुघड़ चेहरा रिपोर्ट पेश होने के बाद देश के सामने उजागर हुआ है,वह सबसे अधिक दागदार होता।

आप मानते हैं कि संघ और भाजपा विध्वंस के लिए जितने जिम्मेदार हैं उससे कत्तई कम दोषी नरसिंह राव नहीं हैं?

मैं तुलनात्क रूप से विध्वंस की जिम्मेदारी नरसिंह राव पर तो नहीं डालता,लेकिन मानता हूं कि राव चाहते तो वो उस धार्मिक उन्माद को टाल सकते थे जिसकी वजह से मस्जिद टूटी और देश एक बार फिर आजादी के बाद दूसरी बार इतने बड़े स्तर पर सांप्रदायिक धड़ों में बंट गया।

नरसिंह राव कैसे टाल सकते थे?

राव से हमने जून में ही कहा था कि जो लोग इस बलवे का माहौल बना रहे हैं,उनसे आप शीघ्र  बात कीजिए। मेरा जाती तजुर्बा है कि ये मसले कोई भी अदालत तय नहीं कर सकती। यह बात चूंकि मैंने कैबिनेट में कही थी इसलिए उन्होंने मान ली। लेकिन दूसरे ही दिन मेरी अनुपस्थिति में कई दौर की बैठकें चलीं और तय हो गया कि छह दिसंबर तक कुछ भी नहीं करेंगे,जब तक अदालत का फैसला नहीं आ जाता।
क्या नरसिंह राव को स्थिति बेकाबू होने का अंदाजा नहीं था?

अंदाजा क्यों नहीं था। मैं नवंबर में उत्तर प्रदेश के दौरे पर गया था। साथ में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी भी थे। पूर्वी और पष्चिमी उत्तर प्रदेके पांच जिलों में जलसे किये। गोरखपुर से लेकर गाजियाबाद तक मुस्लिमों के बीच जो भय का माहौल दिखा वह हैरत में डालने वाला था। हमारे साथी और कांग्रेसी नेता नारायण दत्त तिवारी ने एक चर्चा के दौरान मुझे बताया कि कल्याण सिंह का मेरे घर के बगल में एक घर है। वहां जोर-शोर से रंगाई-पुताई का काम चल रहा है और सभी कह रहे हैं कि जैसे ही 6 दिसंबर को मस्जिद टूटेगी, वे इस्तीफा यहीं बैठकर देंगे। नारायण दत्त ने जोर देकर कहा कि मैं कई बार राव साहब से कह चुका, जरा आप भी उनका ध्यान इन तैयारियों की तरफ दिलाइए। सुनने में ये बातें गप्प लग सकती हैं,लेकिन इस तरह की हर जानकारियों समेत वहां हो रहे हर महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी राव तक हर समय पहुंचायी।

यानी तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के इस्तीफे की तैयारी पहले से थी?

बिल्कुल। हमने यही बात तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिंहराव से भी कही कि कल्याण सिंह इस्तीफा लेकर बैठे हुए हैं ,वह सिर्फ मस्जिद ढहने के इंतजार में हैं। अगर अपने चाल में वे कामयाब होने के बाद इस्तीफा सौंपते  तो सिवाय अफसोस और दंश  झेलने के हमारे मुल्क के पास क्या बचेगा।

कांग्रेस सरकार को इस तैयारी की जानकारी कितने महीने पहले से थी?

बाकी की तो छोड़िए,6दिसंबर को ग्यारह बजे दिन में मेरे पास एक वकील दोस्त का फोन आया कि पहली गुंबद कारसेवकों ने ढहा दी है। उसके ठीक बाद प्रेस ट्रस्ट के विशेष संवाददाता हरिहर स्वरूप का फोन आया कि कारसेवक मस्जिद में घुसने लगे हैं। फिर मैंने तत्काल नरसिंह राव से बात की और कहा कि जो हमने पहले कहा,वह तो हो नहीं पाया लेकिन अब भी समय है कि सरकार को तुरंत बर्खास्त कर हथियारबंद फौंजें तैनात कर दीजिए। अभी सिर्फ एक ही गुंबद टूटा है। हम मस्जिद को बचा ले गये तो भविष्य हमें इस रूप में याद रखेगा कि एक लोकतांत्रिक सरकार ने हर कौम को बचाने की कोशिश की।
शायद आप उस दिन इस सिलसिले में राष्ट्रपति  से भी मिले थे?

जब साफ़ हो गया कि प्रधानमंत्री कान नहीं दे रहे हैं तो तत्कालीन राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा से मैं साढे़ पांच बजे शाम को मिलने गया। मैं उनसे कुछ कहता,उससे पहले ही वे बच्चों की तरह फूट-फूट कर रोने लगे। बातचीत में उन्होंने बताया कि अभी राज्यपाल आये थे लेकिन वे बता रहे थे कि नरसिंह राव ने उन्हें निर्देश दिया है कि वह तब तक बर्खास्तगी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को न भेजें जब तक वे नहीं कहते। इसी बीच राष्ट्रपति के पास संदेश आया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने इस्तीफा दे दिया।

बहरहाल शाम छह बजे कैबिनेट की आकस्मिक बैठक में मुझे पता चला कि मस्जिद गिरा दिये जाने के अपराध में कल्याण सिंह सरकार को बर्खास्त किया जा रहा है। तब मैंने कहा कि उसने अपना काम पूरा करके सरकार के मुंह पर इस्तीफा फेंक दिया है।

नरसिंह राव कैबिनेट में और कौन मंत्री थे, जिन्होंने आपका बाबरी मस्जिद मसले पर आपका साथ दिया था?

नाम मैं किसी का नहीं ले सकता। मगर इतना तो था ही जब कभी भी मैंने यह मसला कैबिनेट के बीच या मंत्रियों से आपसी बातचीत में लाया तो किसी ने कभी विरोध नहीं किया।

नरसिंह राव की भूमिका का जो सच इतना बेपर्द रहा है,वह जांच करने वाले कमीशन लिब्रहान को क्यों नहीं सूझा?

मैं सिर्फ इतना कहता हूं कि यह आयोग नरसिंह राव की संदिग्ध भूमिका को झुठला नहीं सकता।

कहा जा रहा है कि कभी कांग्रेस नेतृत्व के साथ बैठने वाले फोतेदार हाशिये पर हैं। इसलिए नरसिंह राव पर आपकी बयानबाजी राजनीतिक लाभ की जुगत भर है?
अगर इस जुगत से समाज के सामने एक सच खुलता है तो हमें कहने वालों की कोई परवाह नहीं है।


Sep 28, 2010

पहाड़ से पनाह मांगते लोग


बारिश की मार ने राज्य के हर गांव में हाहाकार मचा रखा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं,किसान खेतों से महरूम हैं,बुजुर्ग  घरों में जान बचाकर दुबके हैं जो कभी भी  ध्वस्त हो सकते हैं।  मुनाफाखोरी की चिंता से लकदक   विकास ने पहाड़ के जनजीवन को किस कदर तबाह किया है,उन पहलुओं को उजागर करती उत्तराखंड   से एक रिपोर्ट  

सुनीता भट्ट

‘हो गई है पीर पर्वत सी पिघलनी चाहिए, अब हिमालय से कोई गंगा  निकलनी चाहिए।’ लोगों के दर्द को आवाज देने वाली ये पंक्तियां हिमालयवासियों के लिए अब अधिक पीर देने वाली साबित हो रही हैं। बंगाल की खाड़ी से इस साल उठे प्रचंड मानसून से लोग इतने दुखी हैं कि वे विकराल हो चुकी नदियों से थमने की प्रार्थना कर रहे हैं।

गंगा, यमुना, मंदाकिनी, पिंडर, सरयू, धौली, काली, कोसी, रामगंगा समेत तमाम नदियों ने प्रलयंकारी रूप धारण किया हुआ है। विद्युत परियोजनाएं ठप पड़ी हैं,जो बन रही थीं,वे मलबे के ढेर में तब्दील हो चुकी हैं। टिहरी झील का जलस्तर पहाड़ ही नहीं,मैदानों तक को आतंकित किए हुए है। गर्मी में ऊंचे पहाड़ों पर प्रवास के लिए लोग नीचे के गांवों में नहीं आ पा रहे हैं,जबकि सर्दी शुरू होने से वहां बर्फवारी होने वाली है और ऐसे परिवारों में बूढ़े, महिलाएं और जानवर भी  हैं।


 जगह-जगह टूटी जीवन की डोर                                          फोटो- जनपक्ष  

कई दिनों से पहाड़ में अखबार नहीं पहुंच सके हैं और रेडियो- टीवी  बंद पड़े हैं। सैकड़ों गाड़ियां रास्तों में अटकी हैं। परिवहन व्यवस्था लड़खड़ाने की वजह से लोग अपने परिजनों का हाल जानने नहीं पहुंच पा रहे हैं। राज्य की प्रतियोगी परीक्षाएं टालनी पड़ी हैं,जबकि बाहरी राज्यों में हुई परीक्षाओं से उत्तराखण्ड के कई अभ्यर्थी वंचित रह गये हैं। अधिकतर क्षेत्रों में लंबे समय से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो सकी है,जबकि ईंधन की लकड़ी सूखने का नाम नहीं ले रही। छुट्टी का वारंट लेकर निकले सैकड़ों सैनिक स्टेषनों पर दिन काट रहे हैं।

उन्नीस सितंबर को हुई अतिवृश्टि से इस पहाड़ी राज्य के 60 लोगों की जान चली गई। बारिश से लगभग 175 लोग काल-कवलित हो चुके हैं,सैकड़ों लोग लापता हैं और 1200लोग गंभीर  रूप से घायल हैं। एक अनुमान के मुताबिक राज्यभर में सात हजार से अधिक पशु मारे जा चुके हैं,जबकि राष्ट्रीय पार्कों में मारे गए वन्यजीवों की गणना नहीं की जा सकी है। आठ हजार परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर शिविरों और स्कूलों में ठहराया गया है। राज्य में 30 हजार हैक्टेअर कृषि भूमि  नष्ट हुई है।

बारिश की मार ने पर्वतीय राज्य के हर गांव-तोक में हाहाकार मचा रखा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं,किसान खेतों से महरूम हैं,बच्चे-बुजुर्ग ऐसे घरों में जान बचाकर दुबके हैं जो कभी भी  ध्वस्त हो सकते हैं। बीमारों को अस्पतालों तक नहीं ले जाया जा सकता। जिन गांवों में लोग हताहत हैं, उन्हें बाहर निकालना सेना के लिए मुश्किल है। कई गांवों में तो दर्जनों मृतकों की चिताएं साथ जलीं।

सड़कें ध्वस्त होने से गांवों के साथ कस्बों,नगरों तक में दाल-रोटी का संकट है। बड़े इलाके में दूध और राशन नहीं पहुंच रहा है। बिजली गायब है, जबकि दुकानों से डीजल, पैट्रोल, केरोसिन, सब्जियों, दालों का कोटा खत्म हो चुका है। अस्पतालों में दवाएं नहीं हैं। सैकड़ों मोबाइल टावर ध्वस्त हो गए हैं,जहां मोबाइल काम कर भी  रहे हैं,वहां बैटरी जवाब दे चुकी है। ऊंचे पहाड़ों में पर्वतारोहण पर गए यात्रियों की कोई खबर नहीं है,जबकि हजारों तीर्थयात्री रास्तों में फंसे हुए हैं।

अतिक्रमण का परिणाम: सबकुछ तहस-नहस                      फोटो- जनपक्ष  

गेहूं-चावल लेकर सेना के जो हैलीकॉप्टर राहत कार्य में लगे हैं,बादलों की घनी चादर लगने से घूमकर वापस लौट रहे हैं। पूरे पहाड़ में पेयजल लाइनें ध्वस्त होने से पीने के पानी का संकट है। डाक सेवायें बाधित होने से मनीऑर्डर व्यवस्था ठप है। जिला मुख्यालयों समेत राजधानी के आसपास के गांवों का भी  संपर्क आपस में कटा हुआ है। सेब की खेती को बाजार तक ले जाने वाले मार्ग टूटने से वह रास्ते में खडे ट्रकों में सड़ रही है। खड़ी फसलें और खेत  पूरी तरह से चौपट हो चुके हैं। सिंचाई नहरें सिरे से गायब हैं। खेतों और पहाड़ों में जहां-तहां दरारें हैं। घोड़ों-खच्चरों पर लदकर पहुंच रहा महंगा सामान लोग खरीद नहीं पा रहे हैं। मुनस्यारी और मोरी जैसे पिछड़े क्षेत्रों में प्याज 150 तथा टमाटर 80 रुपए किलो बिक रहा है। अल्मोड़ा जैसी जगह में तो एक अंडे की कीमत 12रुपए तक वसूली जा रही है। आपदा से निबटने को केन्द्र से भेजी गई एनडीआरएफ की टीम हरिद्वार और ऋषिकेश से ऊपर जाने का साहस नहीं जुटा पा रही है।

अधिकतर जिलों में बारिश का पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। राज्य में इस समय 1300से अधिक सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्गों समेत लोनिवि की सड़कें शामिल हैं। कोई  सड़क ऐसी नहीं बची है जो कम से कम चार-पांच जगह से न टूटी हो। सड़कों की मरम्मत को गए 125बुलडोजर मलबे के बीच फंसे हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं और हिमाचल को जोड़ने वाली सड़कों समेत चारधाम यात्रा मार्ग ठप पड़े हैं। सीमावर्ती जिलों में बने सैन्य
शिविर तक बारिश से नहीं बच पाए।

आपदा की मार
  • आपदा से बागेश्वर के सुमगढ़ गांव में बादल फटने से 18 स्कूली बच्चों की मृत्यु
  • प्रदेश भर में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त, अब तक 175 मौतें, 1200 घायल, सैकड़ों लापता
  • अल्मोड़ा के बाल्टा और देवली गांव में एक ही दिन में 43 लोगों की बादल फटने से मौत
  • पर्वतारोहण पर गए एक कर्नल और मेजर की एवलांस में मौत, एक गायब
  • पर्वतारोहण पर गए अलग-अलग अभियानों में फ्रेंच, ऑस्ट्रियन, कजाक, ब्रिटिश दल मार्गों में फंसे
  • चिन्यालीसौंड़ के 15 गांव टिहरी झील में समाए, सैकड़ों लोग बेघर हो गये
  • चारधाम यात्रा को निकली 340 बसें जगह-जगह यात्रा रूट में अटकीं, हजारों यात्री फंसे
  • श्रीनगर में आईटीबीपी के जवान शिविर ध्वस्त होने से फंसे, उन्हें मुश्किल से निकाला जा सका
  • गौला में जीप गिरने से सात लोगों की मौत, अलकनंदा में एक टूरिस्ट बस और पुलिस जीप गिरी
  • 11 पर्वतीय जिलों समेत 2 मैदानी जिलों हरिद्वार और उधमसिंहनर में भारी नुकसान
मूसलाधार बारिश से 2500पेयजल लाइनें टूट गई हैं। तीन हजार से अधिक गांवों में पीने का पानी नहीं हैं। यहां के लोग बारिश का पानी उबालकर पी रहे हैं। 3000 नहरें, 1000 विद्युत लाइनें और हजारों बिजली के पोल ध्वस्त हुए हैं। हरिद्वार में रेलवे ट्रैक  पर मलवा आने से चार दिन तक रेल सेवाएं बाधित रहीं। हल्द्वानी में जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी रेलवे ट्रैक पर आ गया। कई दिनों तक जौलीग्रांट हवाई अड्डे से उड़ानें नहीं भरी जा सकीं। आठ सौ से अधिक स्कूल भवन  क्षतिग्रस्त घोशित कर दिए गये हैं, जबकि 200 से अधिक गांवों को स्थायी रूप से विस्थापित करने की चुनौती है। टिहरी बांध के सहयोगी कोटेश्वर बांध समेत दो दर्जन से अधिक जलविद्युत परियोजाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रदेश  सरकार ने 25000 करोड़ से अधिक के नुकसान का आकलन किया है।

मानसरोवर में फंसे यात्री                                             

बारिश के नुकसान का वास्तविक आकलन होना अभी शेष है। लोगों को राहत देने के लिए मिले धन को मानवीय संवेदना और ईमानदारीपूर्वक खर्च करने की जरूरत है। साथ ही प्रदेश के विकास के लिए दूरगामी नीति बनाना आवश्यक है। तबाही बनकर आयी बारिश  विवेकहीन रूप से बना दी गयीं तमाम सड़कों पर प्रश्नचिह्न तो लगाती ही है,वहीं बड़ी जलविद्युत परियोजनाओंके खतरे से भी आगाह करा  रही है। एक तरफ नदियां अपने तट वापस मांग रही हैं, तो  चोटियों में बसे सैकड़ों गांवों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की  जिम्मेदारी सरकार के सामने है। जाहिर है ऐसे में आम नागरिकों का दायित्व भी  सरकार और मशीनरी से कुछ कम नहीं है।

 (लेखिका सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकार हैं, उनसे sunitabhatt10@gmail.com  पर संपर्क किया जा सकता है)



Sep 26, 2010

बीमारी बांचती, लुटेरों की कहानी


सुबह उठने पर नाक से कोयला निकलता है और रहने के  कुछ महीनों  में तपेदिक . यह वही क्षेत्र है जहां ट्रांजिस्टर बजाना मना है पर विस्फोट करने वाले ठेकेदार कहते हैं उनके पास क़ानूनी अधिकार है.अवैध खनन से बिन्ध्य  इलाके की पहाड़ियां गायब होती जा रहीं और सरकार है कि  पर्यावरणीय संकट पर सख्त कानून बनाने की बात कर रही है.उत्तर प्रदेश के बिन्ध्य क्षेत्र से लौटकर...

दिनकर कपूर

सोनभद्र,मिर्जापुर,चन्दौली का क्षेत्र विन्ध्य पहाडियों के प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए प्रसिद्ध था। आज इन जनपदों  के पहाड़ी इलाकों में पर्यावरण व जल का गहरा संकट पैदा हो गया है। क्षेत्र में जहरीले पानी से मौतें हो रही हैं, किसानी बर्बाद हो रही है, जंगल काटकर वीरान किये जा रहे है, पत्थरों  और पहाड़ियों को तोड़ा जा रहा है। उत्तर पद्रेश सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाले इस क्षेत्र में यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि शासन-प्रशासन की मदद से मौत के सौदागर अपने मुनाफे के लिए लूटने में लगे है।

एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार सोनभद्र व मीरजापुर जनपदों में मात्र 279क्रशर प्लांट ही वैध हैं, बाबजूद इसके हजारों की संख्या में अवैध क्रशर रात दिन पहाड़ों को तोड़ने में लगे हुए है। यहां तक कि सेंचुरी एरिया व वाइल्ड जोन में ,जहां ट्रांजिस्टर बजाना भी मना है,वहां खुलेआम विस्फोट किये जा रहे हैं। क्रशरों के चलते पूरे इलाके की पहाड़ियां गायब होती जा रही जो आने वाले समय में बड़े पर्यावरणीय संकट को जन्म देंगी।


बिन्ध्य की उजडती पहाड़ियां: कहाँ करें गुहार

आजादी के साठ वर्षो बाद भी यहां के ग्रामीण बरसाती चुओं, बांधों, नालों और सिचांई कूपों से पानी पीने को मजबूर है। मीरजापुर,सोनभद्र,चन्दौली में छाया पानी का संकट प्राकृतिक नहीं बल्कि प्रशासनिक व सरकारी लापरवाही की वजह से है। यह क्षेत्र डार्क जोन के मानकों को पूरा करता है परन्तु इस पूरे क्षेत्र में भूगर्भ में पेयजल के लिए संरक्षित जल का दोहन औद्योगिक समूहों द्वारा किया जा रहा है। चुनार के ही इलाके में जेपी औद्योगिक समूह बिजली उत्पादन के लिए जमीन से प्रतिदिन 3000किलोलीटर पानी निकाल रहा है। जिसकी वजह से आसपास के गांवों में पेयजल का जर्बदस्त संकट पैदा हो गया है।
जेपी समूह पानी निकालने का जो तर्क देता है,वह यह है कि कभी यूपी सीमेन्ट कारर्पोरेशन को 3000किलोलीटर पानी निकालने का आदेश था,जो उसे फैक्ट्री खरीदने पर समझौते में मिला है। इस समझौते की आज कोई वैधता नहीं हैं क्योंकि  यदि यह आदेश था भी तो मात्र पेयजल की जरूरतों को पूरा करने के लिए था न कि बिजली उत्पादन के लिए। जल संकट से निजात दिलाने के नाम पर जो चैकडैम भी बनाएं गए,वह भी भ्रष्ट्राचार की भेंट चढ़ गए। 

 म्योरपुर ब्लाक के बेलवादह, खैराही, किरबिल, कुलडोमरी, सांगोबांध, चौगा, पाटी जैसे गांवो के 21 स्थानों की जांचकर आयुक्त ग्राम्य विकास ने खुद स्वीकार किया था कि चेकडैम बनाने में अनियमितता बरती गयी है और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। लेकिन आश्चर्य है कि इस घोटाले को पकड़ने वाले और दोषी अधिकारियों के निलम्बन की संस्तुति करने वाले आयुक्त का तो तबादला हो गया पर घोटाले बाजों का एक दिन के लिए भी निलम्बन नहीं हुआ। हैण्डपम्पों को भी तय सरकारी मानक से काफी कम स्तर पर ही बोर किया गया है,परिणामतः जलस्तर नीचे जाते ही हैण्डपम्प बेकार हो जा रहे है।

रेणू नदी पर बने रिहंद बांध का पानी जहरीला है,यह बात स्वयं मुख्य चिकित्साधिकारी-सोनभद्र की जांच के बाद आयी रिपोर्ट से प्रमाणित हुआ है। पिछले वर्ष अक्टूबर माह में इस जलाशय के किनारे बसे कमरीडाड़ व लभरी गाढ़ा गांव में 28बच्चों और ग्रामवासियों की मौतें  इस पानी को पीने के चलते हुई। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इसे संज्ञान में लेकर कार्यवाही की बात भी कही है, लेकिन कनौरिया कैमिकल्स, हिण्डालकों, हाईटेक कार्बन, रेनूसागर व विभिन्न विद्युत परियोजनाओं द्वारा कचरा डालकर इसे जहरीला बनाने का खेल जारी है। साथ ही उच्च न्यायालय के आदेशों की भी अवहेलना कर लीज के बगैर या अन्यत्र की लीज लेकर नदियों के पेट से जेसीबी मषीनों द्वारा खुलेआम बालू निकाला जा रहा है। 

अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा: सोनभद्र में प्रदर्शन
 सोनभद्र की सोन नदी को बंधक बना लिया गया है। एक ही उदाहरण से स्थिति की गम्भीरता को समझा जा सकता है। चोपन ब्लाक के अगोरी किले का क्षेत्र कैमूर सेन्चुरी एरिया में आता है। इस किले के सामने सोन नदी पर पुल व सड़क बनाकर नदी की धार मोड़ दी गयी है और जेसीबी मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर बालू का खनन चौबीस घंटे  किया जा रहा है।
जनदबाव में जिन फैक्ट्रियों में ईएसपी लगाया गया है,उसका भी समुचित अनुपालन नहीं होता है। मिर्जापुर के चुनार में जेपी समूह की सीमेन्ट फैक्ट्री द्वारा खुलेआम कोयला व सीमेन्ट उड़ाया जा रहा है,जिसके चलते नुआंव,बकियाबाद, सोनाउर जैसे गांवो के किसानों की फसल नष्ट हो गयी है। इसी तहसील के धौवां व बड़ागांव जैसे गांवो में लौह अयस्क से लोहा बनाने वाली फैक्ट्रीयों के द्वारा फैलाएं प्रदूषण से आम नागरिको का जीवन संकटग्रस्त हो चला है रोज सुबह सोकर उठने पर ग्रामीणों के नाक से कोयला निकलता है।

वाराणसी जिले के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में जयलक्ष्मी सीमेंट फैक्ट्री, पशुपति सीमेंट फैक्ट्री, तिरनैनी सीमेंट फैक्ट्री, एसए स्पंज फैक्ट्री,बाबा विश्वनाथ स्पंज फैक्ट्री,लोलारक प्लास्टिक फैक्ट्री में ईएसपी मशीनें लगी ही नहीं है। परिणामस्वरूप चंदौली जनपद के पटनंवा,सेगंर, हमीदपुर, गोपालपुर, कटरिया, मिर्जापुर जनपद के देवरिया, तारामढना गांव में फैल रहे प्रदूषण के कारण किसानों की फसल बर्बाद हो रही है।

पर्यावरण विभाग ने सोनभद्र में 264व मीरजापुर में मात्र 15क्रशर प्लांट को ही अनुमति प्रदान की है। किसी भी खदान व स्टोन कर्टर के सामने बोर्ड नहीं लगा है और जहां बोर्ड है भी वह लोगों में भ्रम पैदा करने के लिए है। सोनभद्र के सलखन गांव में राकेश गुप्ता ने क्रशर पर रजिस्ट्रेशन नम्बर लिखा है जबकि सूची में उसका नाम है ही नहीं। इन पहाड़ों के आसपास आबादी बसी हुई है। इन क्रशरों द्वारा पर्यावरण मानकों को न पूरा करने की वजह से न केवल पानी का संकट व खेती  की बर्बादी हो रही है बल्कि बड़े पैमाने पर लोग तपेदिक जैसी बिमारियों के शिकार हो रहे है।


जेपी कंपनी: लूट के लिए कुख्यात

मिर्जापुर के अहरौरा के सोनपुर गांव में बसपा के राजगढ़ विधायक अनिल मौर्या द्वारा लगाये गये क्रशर प्लान्ट की तो बस्ती के निकट ही ब्लास्टिंग करायी जा रही है। उससे उड़ रही घूल ने ग्रामवासियों को टीबी का बड़े पैमाने पर शिकार बना लिया है। जनमोर्चा की टीम ने वहां जाकर देखा कि दलित जाति के एक ही परिवार के दो भाई छैवर व जय सिंह की टीबी से मौत हो गयी और बालकिशुन, राधेश्याम, मल्लां, रामधनी, शारदा, जसवन्त, बल्ली जैसे दर्जनों दलित परिवार टीबी के मरीज बन जिन्दगी और मौत से जूझ रहे है,जबकि इस क्रशर  प्लान्ट का नाम भी वैध क्रशरों में नहीं है।

एक तरफ सरकारी मिलीभगत से वन के सेन्चुरी एरिया तक में खनन की खुले है तो आदिवासी समाज के लोकतांत्रिक अधिकारों से बेदखल किया जा रहा है। लम्बे संघर्षों के बाद जंगल की जमीन पर पुश्तैनी अधिकारों की बहाली के लिए बने वनाधिकार कानून की अवहेलना करते हुए उपजिलाधिकारियों द्वारा वनाधिकार समितियों द्वारा सत्यापित आदिवासियों के दावों को बड़े पैमाने पर खारिज किया जा रहा है। अब तक इस इलाके में करीब साठ हजार के भी ऊपर वनाधिकार दावों को खारिज कर दिया गया है, जो इस कानून की ही मूल भावना के खिलाफ है।

(लेखक जन संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं, इनसे dinkarcpiml@rediffmail.com    पर संपर्क किया जा सकता है)
 
 

Sep 24, 2010

अपना नाम कल वियतनाम आज कश्मीर

वरवर राव


अब तक तो इतना ही समझते थे कि

ईंट का जवाब पत्थर हो सकता है

आज हमारे बच्चे सिखा रहे हैं कि

फौज़ का भी जवाब पत्थर हो सकता है

गोली का जवाब घाटी से

कर्फ्यू  का जवाब खुले मैदान में कद़म उठाने वाली

महिलाएं ही दे सकती हैं

दमन का जवाब आजादी की मांग से ही दिया जा सकता है

आपने कहीं देखा है



हमारे देश, हमारे लोग, झील, नदी, पहाड़

घाटी और

सुन्दर जीवन, वन एक तरफ

और साठ साल से कानून और सेना के कब्ज़े में

छीन ली गई सत्ता एक तरफ

अपना नाम अगर कल वियतनाम हो तो आज कश्मीर है

और  आज भी नक्सलबाड़ी  के साथ  मुक्ति हमारा नारा है.



क्रांतिकारी कवि वरवर राव विप्लव रचयिता संघम के संस्थापक सदस्य हैं .हथियारबंद जनसंघर्षों के पक्षधर होने की वजह से उन्हें अबतक छह वर्ष कारावास में गुजारने पड़े हैं. कारावास के अनुभव पर  उनकी लिखी 'जेल डायरी'  प्रकाशित हुई है.  





Sep 21, 2010

किसके दर जाएँ चित्रकार


कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त स्वतंत्र चित्रकार   76वर्षीय वेद नैयर और 64वर्षीय गोगी सरोजपाल ये जानना चाहते हैं कि आखिर उनका अपराध क्या है?प्रख्यात साहित्यकार स्व.यशपाल की भतिजी गोगी और वेद नायर ने दिल्ली के राज्यपाल को पत्र भी लिखा,थाने में कई बार तहरीरें दीं और मीडिया से भी मदद की गुहार की. रहने के लिए  गया नया फ्लैट और पड़ोसी के रूप में मिला एक वकील,इन कलाकारों की जिंदगी में कितनी मुश्किलें लेकर आया है बता रही हैं लेखिका विपिन चौधरी

विपिन  चौधरी

प्रसिद्ध अमेरिकन नर्तकी तव्याला थर्प सही कहती हैं कि 'कला ही वह माध्यम है जिसके ज़रिये हम अपने घर को छोडे बिना कहीं दूर जा सकते हैं।'सच है कोई भी कला का किनारा पूरी तरह से डूब कर ही मिलता है। एक कलाकार ताउम्र दुनिया के तमाम प्रपंचो से दूर रह कर चुपचाप अपने काम मे लीन रहता है। लेकिन,हमारे समाज में कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनसे किसी की शांति देखी नहीं जाती।

गोगी सरोजपाल और वेद नायर: कौन देगा साथ

किसी तरह का दया धर्म,इन्सानिंयत और बडे-बुज़ुर्ग का लिहाज़ इनके नज़दीक कोई मायने नहीं रखता। ऐसे ही लोग आजकल अपना सिक्का चला रहे हैं और भले लोग बेवजह इनका निशाना बन जाते है और बुजुर्ग और अकेले होने की कारण आसानी से 'सोफ्ट टार्गेट'बन जाते हैं। देश के दो नामचीन चित्रकार गोगी सरोज़पाल और वेद नैयर आजकल ऐसे ही लोगों के निशानें पर हैं और अपनी भलमनसाहत की सजा भुगत रहे है।


वेद नैयर और गोगीसरोजपाल ये जानना चाहते हैं कि आखिर उनका अपराध क्या है,उन्हें किस गुनाह की सज़ा मिल रही है,क्या दोनों की सज़ा केवल इतनी है कि वे इस लोकतंत्र में खुली साँस लेने की गुस्ताखी कर रहें हैं। शायद वे नहीं जानते की शांति पाने के लिये मुआवजा देना होता है और उन्होनें दिया भी,पिछले एक साल से उन्होनें अपनी बरसों से जमा की हुई शांति को खो दिया है। बरसों से वे अपने स्टुडियों में शांति और पुरसकून के साथ काम करते रहे हैं पर पिछले एक साल से इनके मकान के ऊपर रह रहे एक भले आदमी ने अपने जैसे ही कुछ खुराफाती लोगों के साथ आपसी मिलीभगत से उनकी शांति भंग कर दी है।

मोहित चौधरी नामक इस आदमी ने,गोगी जी से उनके मकान वाला हिस्सा बेचनें की जिद की और उनके मना करने पर शुरू हुआ उसके द्वारा तंग करने का अंतहीन सिलसिला,इसी क्रम में मोहित चौधरी नामक इस शख्स ने बदतमीज़ी की सारी हदें पार कर दी। इन दोनों कलाकारों पर भारी इन घटनाओं को कोई भी जानकार आपसी झगडें की बात कह कर आसानी से किनारा कर सकता हैं। पर ऐसा करने वालों को यह सोचना होगा कि कल वे भी इन्हीं परिस्तिथियों का शिकार बन सकते हैं।


कला एक व्यक्तिपरक माध्यम है। कोई भी व्यक्ति अपने भीतर मौजूद स्याही में ढूबो-ढूबो कर खूबसूरत अभिव्यक्ती को आकार देने का काम करता है जबकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार की हालत यह है कि कब किस कलाकार का काम देश की सरकारों के आँख की किरकरी बन जाये कहा नहीं जा सकता। सलमान रशदी और तसलीमा नसरीन को चैन से बैठने नहीं दिया जा रहा और यही हाल एमएफ़ हुसैन जैसे नामचीन कलाकारों का भी है और गोगी जैसी कलाकार को जीवन के इस पडाव पर इस कदर परेशान होना पड रहा है ये सब घटनायें हमारी सामाजिक व्यवस्था की करूण गाथा की एक बार फिर पोल खोलती हैं.

इससे साफ उजागर होता है कि हमारे आस पास गुण्डा तत्व इस कदर हावी है और समाज में उसे पूरी छुट है कि वह किसी बुजुर्ग मकान मालिक को उसके ही घर से बहार निकालने की कोशिश करे और समाज के बाकि लोग भी उन्हीं बदमाश लोगो का समर्थन करें .यह कोई एक बार की घटना नहीं है बल्कि हररोज़ परेशान करने के नये-नये तरीके इजाद किये जाते हैं। कहने को हमारे भारतीय समाज को सहिष्णु,दयालु और महापरोपकारी कहा जाता है पर हम देखते हैं कि किस तरह दुसरे को मुसीबत में देख कर हम कैसे कन्नी काट कर निकल जाते हैं क्योकि जोखिम उठाना हमारे बूते से बाहर की बात है।

जब तस्लीमा जैसी लेखिका की पुस्तकें प्रतिबंधित की जाती है,हुसैन की पेंटिग जलायी जाती है और गोगी और वेद के जीवन की शांति भंग की जाती है तो हमारी अंतरात्मा  में कोई हलचल नहीं होती। जब लोकतंत्र में कदम-कदम पर सेंसर लगा हो तो इस आज़ादी के मायने क्या हैं। गोगी को नज़दीक से जानने वाले जानते हैं कि वे कितनी जिंदादिल,बिंदास और बङे दिल की मल्लिका हैं पर आजकल ज़ोर से ठहाके लगाने के बाद भी उनके चेहरे से उदासी छंटती हुई नहीं दिखाई पङती। उस दिन देर शाम जब मैं गोगी जी से उनके घर,ईस्ट ऑफ़ कैलाश से वापिस आ रही थी तब दिवाकर बनर्जी की फिल्म 'खोसला का घोसला' और अश्विनी-चौधरी की 'धूप' मेरे मानस पटल पर गोते लगा रही थी।

चित्रकार वेद

दोनों फिल्मों में एक सीधा-साधा आदमी अपनी ही ज़मीन पाने के लिये कार्यालयों और थानों में चक्कर काटता रहता है। आज की तारीख में वे दोनों कलाकार भी पुलिस के चक्कर काट रहे हैं पर किसी ठोस कार्यवाही का आश्वासन तक उन्हें नहीं मिल पाया है। सीनियर सिटीज़न फोरम और अनेकों दूसरी जगह जा रहें हैं पर मामला हर बार उन्हीं लोकल पुलिस थाने के पास जा कर अटक जाता है, जहाँ कुछ माहिर खिलाडी बैठे हैं जो अपनी मनमानी करने के अभ्यस्त हैं।

हमारे देश में मानवाधिकारों का ज़ोरो-शोरों से डंका पिटा जाता है,पर हकीकत यह है कि वहाँ सिर्फ शिकायतों का अम्बार इक्कठा होता रहता है,वहाँ किसी प्रकार की मदद की उम्मीद करना बेमानी है। कई मामलों में मानवाधिकार संस्था यह कह कर अपने हाथ खडे कर देती है कि उसके पास अपनी कोई सेना नहीं है और शिकायतें बहुत हैं । तब ये संस्थाऐं महज़ शिकायतें दर्ज करने का दफ्तर बन कर रह जाती हैं उन सरकारी कार्यालयों की तरह जहाँ फाईलों का अम्बार लगा होता है और यहाँ बैठे कई घाघ अधिकारी आर टी आई जैसे सशक्त कानून से भी पीछा छुडाने के तरीके ढूंढ लेते हैं।


वे जानते हैं,उनकी लगाम कसने वाला कोई नहीं,तो इस तरह के मसलों की सुनवाई आखिर कैसे हो। कहीं कोई ठोस सज़ा का प्रावधान नही है। ऐसा अक्सर होता है कि लडकी शिकायत करती है तब भी ससुराल वाले जमानत पर छूट जाते हैं और फिर जुल्म ढाहते हैं। सरकार केवल कानून बना कर अपने कर्तव्यों से मुक्ति पा लेती है।सरकारी कर्मचारी ही जनता को परेशान करने लगे तो फिर न्याय की आस किससे की जाये। क्या कोई स्थायी हल नहीं है?पुराने जमाने में राजा के दरबार में एक बङा सा घंटा लगा होता था,जिसको न्याय की चाह होती उसकेउ घंटा बजाने पर उसे राजा के सामने पेश किया जाता पर आज के जमाने में जनता के सेवक कहलाने वालों तक जनता की गुहार नहीं पहुँच पाती।


न जाने किस तहखाने में वे अपने को समेटे रहते हैं,उनसे मिलने से पहले उनके चाटुकारों से जुझना पडता है और मिलने के बाद मंत्रीगण फाईल उन्हीं चाटुकारों को थमा देते हैं। तब एक सभ्य समाज का नागरिक,सभी तरह के कानून होते हु्ए भी आफिस, थाने- कचहरियों के चक्कर काट कर थक हार कर अपने घर लौटता है और यह कहते हुए अपने जूते के तसमे खोलते हुए कहता है कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता और जब कोई नागरिक समाजिक व्यवस्था से लड-भिड कर निराशावादी में पहुँच कर ये वाक्य बोलनें को मज़बूर हो उठता है तब-तब इस लोकतंत्र देश की अंतरात्मा को ठेस पहुँचती है


(कवि विपिन चौधरी साहित्यिक और सामाजिक मसलों पर लिखती हैं,इनसे vipin.choudhary7@gmail.com पर संपर्क  किया जा सकता है.)