Showing posts with label राष्ट्रवादी बनने के बीस असरदार तरीक़े himanshu kumar janjwar hindi news. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रवादी बनने के बीस असरदार तरीक़े himanshu kumar janjwar hindi news. Show all posts

Apr 21, 2017

राष्ट्रवादी बनने के बीस असरदार तरीक़े

देश में जबसे राष्ट्रवाद की लहर आई है तबसे बहुतेरे मौकापरस्त नेता, अभिनेता, व्यापारी, शिक्षक, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता स्वत:स्फूर्त तरीके से राष्ट्रवादी बनने की जुगत में जुट गए हैं। ऐसे में उनसे बहुत सी गलतियां हो जा रही हैं। उन्हें असली राष्ट्रवादी पकड़ कर नकली—नकली बोल बेइज्जत कर दे रहे हैं। 

इससे बचने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार ने 'राष्ट्रवादी बनने के बीस असरदार तरीके' खोज निकाले हैं। जनज्वार राष्ट्रवादी हित में इन नुस्खों को साझा कर रहा है। 


1-जोर जोर से नरेंद्र मोदी ज़िंदाबाद बोलें। बीच बीच में योगी ज़िंदाबाद और गांधी मुर्दाबाद बोलते रहें।

2-जो आपसे तर्क करे उसे कांग्रेसी और कम्युनिस्ट कहें।

3-सार्वजनिक रूप से टीका चंदन करें और ग्रुप में गांजा जलाकर पढ़े लिखों के साथ गांधी-नेहरू-अम्बेडकर का मजाक उड़ाते हुए धुआँ छोड़ें। आख़िर ये सब विदेशी जो थे।

4-कोई अगर कहे की "हमें अपने संविधान से प्रेम है" तो उसे सिक्युलर कहें ।

5-एसी में बैठकर बीसलेरी  पीते हुए अपने लिए ठेके और प्रोजेक्ट जुगाड़ें और वर्तमान सरकार की प्रशस्ति करते रहें।

6-हर समस्या के लिए आरक्षण को दोष दें....महंगे होटल के कमरे में बैठकर ब्राह्मण विमर्श करें...जाति आधारित आरक्षण समर्थकों को देशद्रोही करार दें।

7-योग,ध्यान, प्राणायाम के गुण गाएं लेकिन सुबह 9 बजे से पहले न उठें...रात को भारत की दारू पीकर ट्रम्प ज़िंदाबाद का नारा लगाएं और सुबह किसी यूनिवर्सिटी में वबाल का प्लान बनाएं। 

8-मालदा पर खूब चिल्लाएं और पहलू खान पर मनोज तिवारी का पवित्र संगीत सुनें.. बीच बीच में गोडसे को मानवतावादी बताकर नेहरू के शांति अभियान को मनुष्यता के लिए घातक बताएं।

9-भारत के क्रिकेट जीतने पर हल्ला मचायें और फिर स्वदेशी स्वदेशी चिल्लाएं।

10-सड़क पर पान थूककर स्वच्छ भारत अभियान को सफल बताएं और साथ में ये भी जोड़ें कि फैली हुई गंदगी और स्वच्छता  समस्या के जिम्मेदार नेहरू हैं ।

11-वर्तमान सरकार की रोज़ वंदना करें और बताएं कि सत्तर साल में कुछ नहीं हुआ।

12-गोडसे को महात्मा माने और गांधी को दुष्ट आत्मा और हिटलर-मुसोलिनी को पुण्यात्मा जरूर मानें।

13-अभिव्यक्ति के अधिकार पर दिन रात चिंता व्यक्त करें..सेमीनार में व्याख्यान देते हुए सरकार को उदारवादी कहें और कहीं कोई सरकार के ख़िलाफ़ बात करे तो पत्थर फेंके, डंडे चलाएं।

14-गौ सेवा का दावा करें भले घर मे गाय पालने की हिम्मत न हो।

15- यत्र नार्यस्तु पूज्यंते का पाठ करें और जो स्त्री पब्लिक स्पेस में आपके ख़िलाफ़ बोले उसे मां बहन की गाली देते हुए बलात्कार की धमकी दें।

16-गीता,रामायण,महाभारत वेद कभी न पढ़ें...लेकिन इनसे फ़र्ज़ी श्लोक चेंप कर अपनी बात सही साबित करने की कोशिश करें। बक़रीद पर अहिंसक हो जाएं और हिन्दू बलि परम्परा पर आंख मूंद लें।

17-सुबह उठकर फेसबुक पर सरकार की जी भर के आरती करें और जो आपसे सहमत न हो उसे तुरन्त माँ बहन की गाली से अभिषेक करें।

18-किसी सामाजिक काम में हिस्सा न लें लेकिन दिन रात खुद को राष्ट्रभक्त साबित करें।

19-विचार करें या न करें कुछ पढ़ें या न पढ़ें लेकिन हर जगह खुद को सर्व ज्ञाता  पढ़ा लिखा और  सबसे सुलझा और समझदार साबित करते रहें...इसके लिए व्हतसेप से प्राप्त फ़र्ज़ी ज्ञान यहां वहां चेंपते रहें।

20- देश की बात करते रहें, विदेशी माल चरते रहें।