Dec 10, 2010

उसकी लाल आँखें

फरीद खान

1

उसकी आँखें लाल नहीं हैं।
न ही वह ग़ुस्से में है।
उसके सामने जो जंगल जल गये,
उसके बिम्ब अंकित हैं उनमें।


धनुष सी देह और तीर सी निगाह लिए जबकि वह चुपचाप खड़ा है।
पर लोग नज़र बचा के कन्खी से ऐसे देख रहे हैं
मानो कुछ हुआ ही न हो।
हालांकि ऐसी कोई ख़बर भी नहीं कि कुछ हुआ है।


अभी तो बस वह शहर में आया ही है,
और लोगों को हो रहा है किसी प्रलय का आभास,
जबकि वह पिंजड़े में बंद है।
और कल से शुरु हो जायेगी उसकी नुमाईश।

2

वह अकेला ऐसा है,
जो बता सकता है क, ख, ग, घ के अलग अलग माने।
और उन्हें जोड़ कर बना सकता है शब्द।
बता सकता है वाक्य विन्यास।


वह पहचान सकता है परिन्दों को रंग और रूप से।
बोल सकता है उनकी बोली,
समझता है उनकी वाणी।
उसके कंठ में अभी सूखा नहीं है कुँए का पानी।


वह अकेला ऐसा है जो,
बता सकता है बच्चों को पेड़ों के नाम।


चिड़ियाघर में एक नये प्राणी के आगमन का,
शहर में लगा है विज्ञापन।





पटना विश्वविद्यालय से उर्दू साहित्य में एम.ए.। पटना इप्टा में 12 साल सक्रिय रहे। नाट्यकला में भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ से दो साल का प्रशिक्षण। अभी मुम्बई में व्यवसायिक लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं, उनसे kfaridbaba@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है.

कौन कराये बालश्रमिकों की परीक्षा


बुन्देलखंड के जिले में  चालीस  बालश्रम विद्यालय हैं, लेकिन आठ सौ  बालश्रमिकों की परीक्षा नहीं ली गयी। वहां तैनात अनुदेशक और अध्यापकों ने बालश्रमिकों की परीक्षा कराने से इनकार कर दिया...

जनज्वार ब्यूरो.  बुन्देलखण्ड के चार जनपद बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर में बीते ढाई दशकों से प्राकृतिक संपदाओं  की बेइतहां लूट जारी है। लूट के दुष्परिणामों   का असर किसानों, मजदूरों और अन्य श्रमजीवियों पर पड़ रहा है। घटता जलस्तर, भू-प्रदूषण,कम होती वर्षा,विस्थापित होते हुए किसान-मजदूर और साल दर साल बदहाल होती खेती इसके बड़ी सामान्य उदाहरण हैं।

इसी की एक बानगी है कि पिछले छः वर्षों से इन जनपदों में अकाल,आत्महत्या, कर्ज, सूखा एवं पलायन की समस्या सिर चढ़ कर बोल रही है। वर्ष 2005-07 सैकड़ों  किसानों-खेतीहर मजदूरों ने आत्हत्याएं की हैं। पिछले एक माह से और विगत एक वर्ष से जनसूचना अधिकार के तहत उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर पर्यावरण बचाने की मुहिम में प्रयासरत प्रवास सोसाइटी ने 01 अक्टूबर  2010 से ही लोगों को लामबन्द करते हुए प्रकृति के अवैध खनन रोके जाने की गुहार की थी।

संगठन ने तीन दिसंबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दाखिल की थी जिसकी अगली सुनवाई 22दिसम्बर होनी है। इस जनहित याचिका में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव माइन्स एवं मिनिरल्स उत्तर प्रदेश, प्रमुख सचिव वन एवं सामाजिक वानकी, डिवीजनल फारेस्ट ऑफिसर महोबा एवं बांदा, केंद्रीय प्रदुषण नियत्रंण बोर्ड लखनऊ, राज्य प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड के निदेशक और जनरल माइन्स के निदेशक को नामित किया गया है।



बांदा का एक खदान: शिक्षा और रोटी इन पत्थरों की मुहताज

गौरतलब है कि हाल ही में बांदा के जिला श्रम अधिकारी ने जो सूचनायें दी हैं,उसके मुताबिक नौ से चौदह वर्ष के 1646 लड़के और 425 लड़कियां, बाल श्रमिेक के तौर पर खतरनाक कामों में लगे हुए हैं। वहीं वर्ष 2009के पॉयलट सर्वेक्षण के तहत 179 बालश्रमिक चिन्हित किये गये थे। 


 कानून में अधिनियम 1986 (बालश्रम प्रतिषेध एवं विनियमन) के तहत चौदह वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 13 व्यवसायों को और 57प्रक्रियाओं   के तहत काम कराने को खतरनाक माना जाता है और इसका उल्लंघन करने वाले को एक हजार रूपये से बीस हजार रूपये तक का जुर्माना एवं एक वर्ष की सजा का भी प्रावधान है।


दूसरी तरफ जिले में कार्यरत बालश्रमिकों के उन्मूलन की परियोजना के अन्तर्गत केन्द्र सरकार से बांदा जनपद को डेढ़ करोड़ रूपये प्राप्त हुये हैं जिसमें से 85लाख रूपये खर्च हो चुके हैं। इसमें  राज्य सरकार की कोई धनराशि सम्मिलित नहीं है। एक प्रमुख तथ्य यह है कि जनपद में  कुल चालिस बालश्रम विद्यालय कार्यरत हैं।


जिनमें पढ़ने वाले लगभग 800 बालश्रमिकों को कक्षा-5 और 8वीं की परीक्षा इसलिये नहीं दिलायी गयी क्योंकि वहां तैनात अनुदेशक और अध्यापकों को बालश्रम समिति द्वारा मानदेय ही नहीं दिया गया। जिसकी वजह से 800 बालश्रमिक एक मरतबा फिर भिन्न-2व्यवसायों को रोजी-रोटी का जरिया बनाकर बालश्रम में लगे रहने को मजबूद हुए हैं।


 हमीरपुर में  2180,महोबा में 1200 और बचपन बचाओ संघर्ष समिति के अनुसार बांदा में कुल 4000बालश्रमिक हैं। जिन्हें  बुन्देलखण्ड के खतरनाक व्यवसायों जैसे अवैध खनन, बालू खदान, होटल, भिक्षावृत्ति, मजदूरी के साथ-साथ यौन उत्पीड़न में भी प्रताड़ित किया जाता है।


इसलिए प्रवास ने आगामी सोमवार से बुन्देलखण्ड में खत्म हो रहे पहाड़, जंगल-जल एवं वन्य जीवों के पुनर्वास हेतु साझा पहल और हस्ताक्षर अभियान चलाने का संकल्प लिया है। इस अभियान में जनसहयोग,जन समर्थन की अगुवाई कर आमलोगों से बुन्देलखण्ड बचाने के लिये प्रेरित करने का भी संकल्प लिया गया है।



Dec 9, 2010

वर्दीधारी, सबसे बड़े भ्रष्टाचारी


आज अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस पर जारी एक रिपोर्ट में भारत को दुनिया के सर्वाधिक भ्रष्ट देशों में गिनती की गयी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशल की रिपार्ट के मुताबिक भारत के 74 फीसदी लोगों ने स्वीकार किया है कि पिछले तीन वर्षों में देश के भीतर भ्रष्टाचार के प्रतिशत में बढ़ातरी हुई है। लोगों की निगाह में पहले नंबर के भ्रष्टाचारी पुलिसकर्मी और दूसरे नंबर पर राजनीतिज्ञ हैं।



ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशल के देखरेख में ग्लोबल कॅरप्सन बैरोमीटर के जरिये किये गये इस सर्वें में दुनिया के 86 देशों के 91,500 लोगों शामिल किया गया है। सर्वे में शामिल 60फीसदी की राय में उनके अपने मुल्कों में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ा है और हर चार में से एक आदमी ने यह भी कहा कि उसने पिछले वर्ष ही घूस दिया है।

भ्रष्ट देशों की गिनती में भारत के साथ नाइजीरिया,इराक,अफगानिस्तान भी हैं जहां सर्वेक्षण में शामिल बहुतायत के मुताबित उन्होंने कोई ना कोई काम कराने के लिए रिश्वत दी है। जबकि चीन,रूस और मध्यपूर्व में काम कराने के लिए एक तिहाई लोगों को घूस देना पड़ा।

ग्लोबल कॅरप्सन बैरोमीटर 2010में कुल ग्यारह क्षेत्रों को सर्वे में शामिल किया गया है,जिनकी भ्रष्टाचारी स्थिति इस प्रकार से है-

सर्वाधिक भ्रष्ट
राजनीतिक पार्टियां

बड़े पैमाने भ्रष्ट
पुलिस
प्रशासक
संसद

भ्रष्टाचार प्रभावित

निजी क्षेत्र
धार्मिक संस्थाएं
न्यायपालिका
मीडिया
शिक्षा तंत्र

कम प्रभावित
मिलिटरी
स्वंय सेवी संगठन(एनजीओ)



Dec 7, 2010

हम खो गए कहां?

मुकुल सरल



हमने भी जां गंवाई है इस मुल्क की ख़ातिर
हमने भी सौ सितम सहे इस देश के लिए


ये बात अलग हम किसी वर्दी में नहीं थे
कुर्ते में नहीं थे, किसी कुर्सी पे नहीं थे


सड़कें बिछाईं हमने, ये पुल बनाए हैं
नदियों को खींचकर तेरे आंगन में लाए हैं


खेतों में हमारे ही पसीने की महक है
शहरों में हमारी ही मेहनत की चमक है


भट्टी में हम जले, हमीं चक्की में पिसे हैं
पटरी से हम बिछे, हमीं तारों में खिंचे हैं


हमने ही आदमी को खींचा है सड़क पर
बेघर रहे हैं हम, मगर सुंदर बनाए घर


हर एक इमारत में हम ही तो खड़े हैं
इस देश की बुनियाद में हम भी तो गड़े हैं


रौशन किया है ख़ून-पसीने से ये जहां
क्या हमको कभी ढूंढा, हम खो गए कहां?


हमको तो रोने कोई भी आया न एक बार
दुश्मन ने नहीं, अपनों ने मारा है बार-बार


हम भी तो जिये हैं सुनो इस मुल्क की ख़ातिर
हम भी तो रात-दिन मरे इस देश के लिए...
 
 
 
  कवि  और  पत्रकार मुकुल सरल जनसरोकारों के  प्रतिबद्ध रचनाकारों में हैं. उनसे mukulsaral@gmail.com   पर संपर्क किया जा सकता है. उनकी एक दूसरी नज़्म पढ़ने के लिए 'तीस सितंबर' पर क्लिक करें.

एक अंबेडकर इक्कीसवीं सदी को

डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस 6 दिसम्बर पर   

 
राजाराम विद्यार्थी

भारत में बहुत से लोग पैदा हुए और मर गये। दुनिया में भी बहुत से लोग पैदा हुए और मर गये। कौन किसको याद करता है?किसको जीते जी याद किया जाता है किसको मरने के बाद?कितने लोगों को राश्ट्र याद करता है कितने लोगों को संसार?और कितने लोगों को दो-चार पीढ़ी के बाद उन्हीं का परिवार?लेकिन बाबा साहब डॉ0 भीमराव राम जी अम्बेडकर को सारा विष्व ही श्रेश्ठ विधि वेत्ता तथा संविधान निर्माता के रूप में याद करता है।

विश्व  उन्हें एक दूसरे रूप में भी याद करता है। वह रूप है उनका मानव-मानव के बीच उत्पन्न गैर बराबरी, वह चाहे सामाजिक हो (यथा जाति, रंग तथा लिंग भेद के कारण उपजी असमानता हो),धर्म के नाम पर उपजी असमानता हो यो आर्थिक गैर बराबरी हो!राजनैतिक गैर बराबरी हो,इन सब के कारण अम्बेडकर की प्रासंगिकता कार्ल मार्क्स ,बुकर टी वाशिंगटन  ,महात्मा गांधी आदि को काफी पीछे छोड़ मुखर होकर संसार के सम्मुख प्रकट होती है।

ऐसा इसलिए होता है कि अम्बेडकर के जमाने में उनकी पीढ़ी तथा उनकी जाति के लोगों के लिए शिक्षा  नहीं थी, वह कक्षा कक्ष के बाहर बैठकर पढ़ते थे। नाई ने जातिगत कारणों से उनके बाल नहीं काटे तो उनकी बहन उनके बाल काटकर स्कूल भेजती थीं। बिल्कुल साफ सुथरे कपड़ों में नहला-धुला कर।

स्कूल के माली के नल को नहीं छू पाने के कारण वह प्यास को रोक लेते थे या पानी मांग कर पी लेते थे। और बाद में,महाड़ तालाब सत्याग्रह में वह जल पर सबके हक के लिए आन्दोलन चलाते हैं। षिक्षा धन से नहीं अपितु अपनी योग्यता से इतनी ग्रहण करते हैं कि भारत के विश्वविद्यालयों  में उनके लायक उपाधियां नहीं होती हैं,जिन उपाधियों को वह इंग्लैंड, अमेरिका, जर्मनी, कोलम्बिया से प्राप्त करके लाये। अपार षिक्षा ज्ञान चिन्तन,मनन के कारण तथा सफल नेतृत्व क्षमता के कारण महाड़ सत्याग्रह में 25 हजार दलित जन समुदाय के बीच ‘मनुस्मृति’ जो कि दलित तथा महिलाओं के जीवन के लिए अभिषाप है,उस मनुस्मृति की प्रतियों की होली जलाई।

शायद इसी दिन से मिली प्रेरणा के कारण आज साहित्य,समाज,राजनीति में दलित एवं महिला विमर्ष तथा हक अधिकारों की लड़ाई का सूत्रपात हुआ है। इसका दूसरा आधार अम्बेडकर के द्वारा निर्मित संविधान के अलावा सदन में प्रस्तुत किया गया हिन्दू कोड बिल, प्रथम तथा द्वितीय गोलमेज सम्मेलन में रखे विचार भी हो सकते हैं।

किन्तु हिन्दू कोड बिल का सदन द्वारा बहिश्कार जिसका कारण हिन्दू धर्म का जाति तथा वर्ण व्यवस्था के प्रति हठधर्मिता पागलपन की हद तक रही जिसके परिणामस्वरूप बाबा साहब भीमराव राम जी अम्बेडकर को अपनी मृत्यु के मात्र तीन माह पूर्व हिन्दू धर्म का परित्याग कर (14 अक्टूबर 1956) तथा 6 दिसम्बर 1956 को उन्हें महापरिनिर्वाण प्राप्त हुआ।
तब से लेकर बाबा साहब अम्बेडकर का नाम कुछ गिने-चुने लोगों, कुछ गिनी-चुनी किताबों तक ही सीमित हो गया। भले ही बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर द्वारा गठित की गई राजनैतिक पार्टी भारतीय रिपब्लिकन पार्टी भी धीरे-धीरे अस्तांचल में पहुंच गई। जिन दलितों के हकों की बाबा साहब ने लड़ाई लड़ी तथा जिनको हक दिलाये भी,वे लोग गांधी,लोहिया,हेडगवार सरीखे नेताओं की यशोगाथा  गाने लगे।

परन्तु सन् 1980के बाद बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम  जी के अथक प्रयासों से बाबा साहब अम्बेडकर के अस्तित्व का पुनर्जन्म हुआ!उनकी जन्म शताब्दी वर्श 14अप्रैल 1991को उन्हें मरणोपरान्त ‘भारत रत्न’ से विभूषित  किया गया। तभी से 14 अप्रैल अम्बेडकर जयन्ती को राष्ट्रीय  अवकाश घोषित  किया गया। तभी से दलित 14 अप्रैल, 6 दिसम्बर, 14 अक्टूबर को पर्व के रूप में मनाने लगे हैं।

इनके देखा-देखी सवर्ण लोग भी अपने राजनैतिक बैनर तले (कांग्रेस,भाजपा आदि)भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने लगे हैं। किन्तु उस निष्ठा और विश्वास  के साथ नहीं,जिस निष्ठा और विश्वास के साथ दलित जन समुदाय कृष्ण जन्माष्टमी ,रामनवमी तथा गाँधी जयन्ती जैसे पर्व मनाते हैं।
कहना गलत न होगा कि आज भी बहुसंख्यक दलित 14 अप्रैल तथा 6 दिसम्बर से अधिक महत्व 2 अक्टूबर और 30 जनवरी को देते हैं। उनके मन मानसिकता में आज भी अम्बेडकर तथा अम्बेडकर के समस्त जाति समुदाय (दलितों)से अधिक योग्यता,त्याग भावना,वचनबद्धता, कर्तव्यपरायणता गाँधी तथा उनके जाति धर्म के लोगों में अधिक है।

ऐसी सोच की उपज वाले व्यक्तियों की अपनी व्यक्तिगत अयोग्यताएं हैं या सवर्ण मानसिकता के अन्त के लिए शायद  दोबारा एक अदद अम्बेडकर की जरूरत है जो ऐसे लोगों की मन मानसिकता से,हम अयोग्य कमजोर हैं, की भावना को निकाल बाहर कर सके।


 
उत्तराखण्ड के रहने वाले राजाराम विद्यार्थी दलित चिंतक और साहित्यकार है। लेखों,कहानियों और कविताओं के माध्यम से  दलितों-पिछड़ों से जुड़े विषयों को उठाते है।

अयोध्या फिल्म महोत्सव 19 दिसम्बर से



अयोध्या फिल्म महोत्सव अपने चौथे संस्करण की दहलीज पर है। 2006 से शुरु हुआ यह सिलसिला दरअसल अपने शहर की पहचान को बदलने की जद्दोजहद का परिणाम था। उस पहचान के खिलाफ जो फासीवादी सियासत ने गढ़ी थी और जिसके चलते लोग गुजरते वक्त को इससे गिनते थे कब यहां नरबलियां हुयी,कब हमारे आशियानें जलाए गए,कब घंटों की आवाज सायरनों में तब्दील हो गयी और रंग-रोगन वाली हमारी सौहार्द की संस्कृति के सब रंग बेरंग हो गए। 

इस सिलसिले की शुरुआत ने धीरे-धीरे ही सही शहर के स्मृति पटल पर अपनी उम्र गिनने का एक नया अंकगणित गढ़ना शुरु कर दिया,आज हम कह सकते हैं कि हमने कब से ‘प्रतिरोध की संस्कृति और अपनी साझी विरासत’का जश्न मनाने के लिए फिल्म महोत्सव शुरु किया था। कब आवाम के सिनेमा के इस सिलसिले ने अपना राब्ता राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्ला खान की साझी विरासत-साझी शहादत से जोड़ ली।

इस सफर में हमने दुनिया भर के लोगों के सघंर्षों,उन संघर्षों के सतरंगी आयामों को समझाने वाली फिल्मों का प्रदर्शन ही नहीं किया बल्कि इस आयोजन से प्राप्त ऊर्जा ने हमसे ‘राइजिंग फ्राम दि ऐशेज’जैसी फिल्म भी दुनिया के सामने अपने शहर की वास्तविक छवि को रखने के लिए बनवाई।

 यह फिल्म पचहत्तर वर्षीय उस शरीफ चचा की कहानी है जो बिना धर्मों का फर्क किए लावारिस लाशों को मानवीय गरिमा प्रदान करते हैं। आखिर गंगा-जमुनी तहजीब और धार्मिक सौहार्द के इस शहर की आत्मा भी तो यही है। इस सफर में हमारा खास जोर फिल्म माध्यम से जुड़े नए और युवा साथियों को अपना हमसफर बनाना भी रहा। जिसके तहत हमने पिछले साल ‘भगवा युद्ध’ और ‘साइलेंट चम्बल’ फिल्मों को जारी किया।

आवाम के सिनेमा के इस सफर में शहर के बाहर से फिल्मकार और सृजनात्मक आंदोलनों में लगे साथियों ने अपने खर्चे से इस आयोजन में शामिल होकर हमारा हौसला बढ़ाया। और हमें इसे और बेहतर और व्यापक बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

साथियों, आगामी 19 से 21 दिसंबर2010 तक हाने वाले तीन दिवसीय इस फिल्म महोत्सव का आयोजन अयोध्या-फैजाबाद में होने जा रहा है,ऐसे में इतिहास में नया अंकगणित गढ़ने और लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करने वाली ताकतों को शिकस्त देने के लिए आप हमारे इस सफर में हमसफर हों।

 प्रस्तुति : शाह आलम



लावारिशों के वारिस


पिछले दो दशकों के इतिहास में जिस अयोध्या को मैंने लाशों के सौदागरों की राजधानी के रुप में जाना था,वहां लाशों के वारिस की मौजूदगी ने दिमाग में इस सवाल को पैदा किया कि आखिर मो0 शरीफ क्यों नहीं कभी प्राइम टाइम में राष्ट्रीय उत्सुकता का विषय बने...

राजीव यादव

अयोध्या यानी पिछले दो दशकों का ‘प्राइम टाइम आइटम’। इस नाम के आने के बाद ही हमारे मस्तिष्क में अनेकों छवियां बनने लगती हैं। पर पिछले दिनों मात्र पन्द्रह मिनट की डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘राइजिंग फ्रॉम द एशेज’ ने जो छवि हमारे दिमाग में बनायी उसने हर उस मिथकीय इतिहास की छवि को धुधंला कर दिया। यह फिल्म अयोध्या के मो0 शरीफ के जीवन पर आधारित है, जो लावारिस लाशों के वारिस हैं।

जो परिचित हैं वह शरीफ चाचा कहते हैं और जो कामों से जानते हैं वह लाशों वाले बाबा बोलते हैं। फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरकर किसी से इन दोनों में से किसी संबोधन से उनके बारे में पूछिये तो घर पहुंचाने वाले बहुतेरे मिल जायेंगे। और उनके कामों की मिसाल देने वालों का तो कोई अंत ही नहीं कि लोग कहते हैं जिसका कोई नहीं होता उसके शरीफ चाचा होते हैं।

शरीफ चाचा पेशे से एक साइकिल मिस्त्री हैं। शहर में उनकी ‘मोहम्मद शरीफ साइकिल मिस्त्री’के नाम से एक झोपड़ीनुमा दुकान है जिसमें बेटे के साथ मिलकर रोज वह डेढ़ से दो सौ कमा लेते हैं। ऐसे कमाने वाले देश में करोड़ों हैं,फिर शरीफ चाचा ने ऐसी क्या इंसानी पहचान बनायी है जिसकी वजह से वह फैजाबाद की 28लाख आबादी के बीच सर्वाधिक कद्र के काबिल माने जाते हैं।

शहर  में तैनात किसी अफसर-हुक्मरान से पूछिये,मैदान में खेल रहे बच्चों से कहिये,राह चलते मुसाफिरों को बताइये सब उन्हें सलाम बोलते हैं। लोग कहते हैं शरीफ चाचा आदमी की पहचान धर्मों,जातियों और ओहदों से नहीं सिर्फ आदमी होने से करते हैं। जाहिर है फैजाबाद के वाशिंदों के लिए इससे बड़ी सामाजिक नेमत और क्या हो सकती है जहां इंसानी पहचान को बरकार रखने वाला आदर्श उनके बीच हो।


लावारिशों के वारिस

पिछले दो दशकों के इतिहास में जिस अयोध्या को मैंने लाशों के सौदागरों की राजधानी के रुप में जाना था,वहां लाशों के वारिस की मौजूदगी ने दिमाग में इस सवाल को पैदा किया कि आखिर मो0शरीफ क्यों नहीं कभी प्राइम टाइम में राष्ट्रीय उत्सुकता का विषय बने।

फैजाबाद के खिड़की अली बेग मुहल्ले के रहने वाले चचा शरीफ साइकिल मिस्त्री हैं,पर ये सिर्फ उनकी जिंदगी का आर्थिक जरिया है,मकसद नहीं। मकसद,तो हर सुबह की नमाज  के बाद ऐसी लाशों को खोजने  का होता है, जो किसी रेलवे टै्क,सड़क या फिर अस्पताल में लावारिश होने के बाद अपने वारिस चचा शरीफ का इंतजार कर रही होती हैं।

चचा के ऐसा करने के पीछे एक बहुत मार्मिक कहानी है,जो व्यवस्था की संवेदनहीनता से उपजी है। दरअसल, अठारह साल पहले चचा के बेटे मो0 रईस की जब वो सुल्तानपुर गया था, किसी ने हत्या करके लाश फेंक दी थी, जिसे कभी ढूंढा नहीं जा सका। तभी से चचा ऐसी लावारिश लाशों को उनका मानवीय हक दिला रहे हैं।

 वे कहते हैं ‘हर मनुष्य का खून एक जैसा होता है, मैं मनुष्यों के बीच खून के इस रिश्ते पर आस्था रखता हूं। इसलिए मैं जब तक जिंदा हूं किसी भी मानव शरीर को कुत्तों से नुचने या अस्पताल में सड़ने नहीं दूंगा।’ बानबे के खूनी दौर में भी चचा ने अस्पतालों में भर्ती कारसेवकों की सेवा की। इसी तरह अयोध्या की रामलीला में लंबे अरसे से हनुमान का किरदार निभाने वाले एक अफ्रीकी नागरिक जब लंका दहन के दौरान बुरी तरह जल गए तब किसी भी ‘राम भक्त’ ने उनकी सुध नहीं ली ऐसे में चचा ने उसकी सेवा की।
शरीफ चाचा पर बनी फिल्म
 चचा ने अयोध्या-फैजाबाद को लावारिस लाशों की जन्नत बना दिया है। अब तक सोलह सौ लाशों को उनके धर्म के अनुसार दफन और सरयू किनारे मुखाग्नि देने वाले चचा को सरयू लाल हो गयी वाली पत्रकारिता ने इतिहास में अंकित न करने की हर संभव कोशिश की। पर शाह आलम,शारिक हैदर नकवी,गुफरान खान और सैय्यद अली अख्तर ने ‘राइजिंग फ्रॉम द एशेज’ के माध्यम से उन्हें इतिहास में सजो दिया है।

बहरहाल,अयोध्या फैसले के बाद लोग क्या सोच रहें हैं,यह जानने की उत्सुकता में मैंने बहुतों से बात की। अंशु जिसने एक बार बताया था कि जब बाबरी विध्वंस हुआ था तो उसके आस-पास घी के दीपक जलाए गए थे,जिसका मतलब तब वो नहीं समझ पायी थी। लेकिन जब आज वो बड़ी हो गयी ह,ै तो मैंने उससे जानना चाहा कि इस फैसल पर घर वाले क्या सोच रहे हैं? तो उसने कहा, ‘मैं एक ओर थी और सब एक ओर।’ इस पर मैंने उससे पूछा कि दूसरे क्या कह रहे हैं तो उसने कहा कि उनका मानना है कि फैसले ने ‘अमन-चैन’ बरकरार रखा।

आखिर क्यों आज एक तबका इस फैसले को इतिहास और तथ्यों को दरकिनार कर आस्था और मिथकों पर आधारित राजनीतिक फैसला मानता है तो वहीं दूसरा इसे अमन-चैन वाला मानता है? आखिर अमन चैन के बावजूद इसने कैसे हमारी न्यायपालिका की विश्वसनीयता,संविधान प्रदत्त धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्य जिनके तहत आदमी और आदमी के बीच धर्म,जाति और लिंग के आधार पर किसी तरह का भेदभाव न करने का आश्वासन दिया गया है को खंडित कर दिया हैै?

अमन-चैन वाला फैसला मानने वालों में एक तबका भले ही बानबे में घी के दीपक जलाया था पर एक तबका था जो इसके पक्ष में नहीं था। पर आज बानबे में घी के दीपक जलाने वालों की जमात बढ़ गयी है। जो कल तक बाबरी विध्वंस पर घी के दीपक जलाते थे,आज वो इसे अमन चैन की बहाली कहते हैं,जिसे अब न्यायिक तौर पर भी वैधता मिल गयी है।

यानी शासक वर्ग ने अपने लिए एक नयी तरह की जनता का निर्माण किया है,जिसे अब आक्रामक होने की भी जरुरत नहीं है,क्योंकि न्याय के समीकरण उसके साथ हैं। ठीक इसी तरह पिछले कुछ वर्षों से हमारे यहां युवा राजनेताओं की बात हो रही है कि अब भारत युवाओं का देश है। क्या इससे पहले आजादी के बाद देश के सबसे बड़े आंदोलन नक्सलबाड़ी और जेपी आंदोलन के दौरान यह युवाओं का देश नहीं था? था लेकिन अब शासक वर्ग को अपने युवराज की ताजपोशी करनी है सो अब भारत युवाओं का देश है।

शरीफ चाचा: पूरा जीवन ही एक मुहीम
 इस जनता निर्माण में न्यायपालिका की भाषा भी शासक वर्ग की हो गयी है। जैसे राम लला अपने स्थान पर विराजमान रहेंगे। राम हिंदू समाज की पहचान हो सकते हैं, लेकिन 1949 में बाबरी मस्जिद में रखे गए राम लला हिंदू नहीं बल्कि हिंदुत्ववादी विचारधारा वाले अपराधिक गिरोह की पहचान हैं,जिस पर एफआईआर भी दर्ज है। ठीक इसी तरह मीडिया भी यह कह कर पूरे हिंदू समाज को राम मंदिर के पक्ष में खड़ा करती है कि अयोध्या के संत राम मंदिर बनाने के लिए एक जुट होंगे।

राम मंदिर के पक्ष वाले हिंदुत्वादी संत,पूरे संत समाज का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। क्योंकि अयोध्या में संतों का एक तबका इन हिंदुत्ववादियों का विरोध करता है। पर हमारी मीडिया ने हिंदू धर्म को हिंदुत्व जैसे फासिस्ट विचारधारा का पर्याय बना दिया है। इसी तरह पिछले दिनों इंदौर में संघ के पथ संचलन के दौरान मुस्लिम महिलाओं द्वारा फूल फेकने वाले अखबारी चित्रों में कैप्सन लगा था-एकता का पथ।




पत्रकार राजीव यादव उत्तर प्रदेश मानवाधिकार संगठन पीयूसीएल के संगठन  सचिव हैं. राज्य में साम्प्रदायिकता के खिलाफ हल्ला बोलने वालों में राजीव एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं.उनसे media.rajeev@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है.

Dec 6, 2010

हम हैं घोटालों के 'सरदार'


 
मिस्टर क्लीन की उपाधि से नवाजे जाने पर खुश होने वाले पीएम साहब से सवाल है कि जब यह सब उनकी नाक के नीचे उनकी टीम में शामिल डीएमके के मंत्री द्वारा धमाका  कर किया गया तो उस वक्त आपकी बोलती बंद क्यों रही?

पंकज कुमार

 
देश में एक के बाद एक बड़े घोटालों को देखकर ऐसा लगता है कि सरकार को अलग से घोटाला मंत्रालय बनाना चाहिए या फिर घोटालों को वैधानिक मान्यता दे दी जानी चाहिए। एक  लाख ७७ हजार करोड़ का 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला,७० हजार करोड़ से ज्यादा का कॉमनवेल्थ घोटाला,करोड़ों रूपए का आदर्श सोसाइटी और आईपीएल घोटाला।जब देश में कानून और लोकतांत्रिक पद्धति से चुनी गई सरकार इन पर नकेल न डाल सके,ऐसे भ्रष्टाचारियों के आगे घुटने टेकते,मजबूर और लाचार दिखे, तो उम्मीद किससे की जाए?

मौजूदा दौर को देखकर ऐसा कहा जा सकता है कि नैतिकता ताक पर रख दी गई है। इस वक्त जो नैतिकता पर हावी है या फिर कहे की शक्तिमान है थ्री-पी (3च्)यानी पॉवर,पैसा और पॉलिटिक्स। वर्तमान समय में थ्री-पी शक्तिशाली है, ऐसे में जनसरोकार की बाते बेईमानी और बौनी नजर आती है। जो शक्तिशाली होता है वही इतिहास लिखता है और नायक,नायिका और खलनायक वही तय करता है।


डी राजा : गुनहगार और भी हैं

 इसलिए सर्वमान्य नायकों-नायिकाओं की तलाश इतिहास में नहीं करनी चाहिए। लेकिन देश में भ्रष्टाचार का जो आलम है ऐसे वक्त में जेपी (जय प्रकाश नारायण) की याद आती है। 1977 में सत्ता के खिलाफ चलाया गया आंदोलन सिर्फ इमरजेंसी के खिलाफ ही नहीं था, बल्कि इस आंदोलन को जनता का जनसमर्थन मिला क्योंकि यह आंदोलन सत्ता में मौजूद भ्रष्टाचार के खिलाफ भी था। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या जे.पी.सरीखे नेता इस दौर में मौजूद है?

लेकिन यूपीए-टू की अध्यक्ष और देश की सबसे ताकतवर नेता सोनिया गांधी नैतिकता का पाठ मनमोहन सरकार को पढ़ाती हैं तो दूसरी तरफ उनका लाड़ला और कांग्रेस युवराज राहुल गांधी प्रधानमंत्री को बेदाग होने का सर्टिफिकेट देता हैं। वहीं मनमोहन सिंह सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर कहते है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

ऐसे में मिस्टर क्लीन की उपाधि से नवाजे जाने पर खुश होने वाले पीएम साहब से सवाल है कि जब यह सब उनकी नाक के नीचे उनकी टीम में शामिल डीएमके के मंत्री द्वारा धमाका  कर किया गया तो उस वक्त आपकी बोलती बंद क्यों रही?अब जब देश की गरीब जनता की कमाई स्विस बैंकों तक पहुंच गई है तो अब आप क्या तीर मार लेंगे?कहते है कि इतिहास से सबक लेना चाहिए। लेकिन कांग्रेस सबक लेना नहीं चाहती। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 1977 का भ्रष्ट दौर हो, राजीव गांधी का बोफोर्स कांड (1986)या फिर 1991 में कांग्रेस शासित पीवी नरसिम्हा की सरकार,सभी को जनता ने वनवास की सजा दी।

इतना ही नहीं गरीबों के नाम पर गरीबी के साथ सत्ता में रहते हुए भाजपा ने जो कुछ किया,उसकी सजा भुगत रही है। जनता ने भ्रष्टाचार और गरीबी मिटाने का मुखौटा ओढ़े वाजपेयी सरकार को ऐसी सजा दी कि वो अब तक सजा भुगत रही है। तभी तो इतने बड़े मुद्दे,सामने होते हुए भी जनता इस विपक्ष को चवन्नी भर का भाव देने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में कांग्रेस के मिशन 2014 का क्या होगा, उसकी रिपोर्ट जनता खुद-ब-खुद तैयार कर रही होगी।

ऐसे में हरिवंश राय बच्चन की कविता याद आती है जिसमे वो कहते हैं-बैर कराते है मंदिर-मस्जिद, मेल कराती मधुशाला। वैसे ही राजनीति में कुर्सी की लड़ाई नेताओं और पार्टियों के बीच दरार भले ही ला दे, लेकिन जब बात भ्रष्टाचार की आती है तो सभी नेता एक साथ मयखाने में नजर आते हैं। भ्रष्टाचार को लेकर सभी एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे हैं लेकिन इन्हें कौन बताए कि पत्थर फेंकने से पहले खुद का शीशे से बना घर भी देख लेने चाहिए।

आपको यकीन न हो तो एक नजर आजादी के बाद से अबतक के बड़े घोटालों पर नजर डाल लेते हैं- जीप घोटाला (1948), साइकिल आयात घोटाला (1951), मुंध्रा मैस (1957-58), तेजा लोन (1960), पटनायक मामला (1965), नागरावाला घोटाला (1971), मारूति घोटाला (1976), कुओ ऑयल डील (1976), अंतुले ट्रस्ट (1981), एचडीडब्ल्यू सबमरीन घोटाला (1987), बिटुमेन घोटाला, तांसी भूमि घोटाला, सेंट किट्स केस (1989), अनंतनाग ट्रांसपोर्ट सब्सिडी स्कैम, चुरहट लॉटरी स्कैम, बोफोर्स घोटाला (1986), एयरबस स्कैंडल (1990), इंडियन बैंक घोटाला (1992), हर्षद मेहता घोटाला (1992), सिक्योरिटी स्कैम (1992), सिक्योरिटी स्कैम (1992), जैन (हवाला) डायरी कांड (1993), चीनी आयात (1994), बैंगलोर-मैसूर इंफ्रास्ट्रक्चर (1995), जेएमएम संासद घूसकांड (1995 ), यूरिया घोटाला (1996), संचार घोटाला (1996), चारा घोटाला (1996), यूरिया (1996), लखुभाई पाठक पेपर स्कैम (1996), ताबूत घोटाला (1999) मैच फिक्सिंग (2000), यूटीआई घोटाला, केतन पारेख कांड (2001), बराक मिसाइल डील, तहलका स्कैंडल (2001), होम ट्रेड घोटाला (2002), तेलगी स्टाम्प स्कैंडल (2003), तेल के बदले अनाज कार्यक्रम ( 2005), कैश फॉर वोट स्कैंडल (2008), सत्यम घोटाला (2008),मधुकोड़ा मामला (2008), आदर्श सोसाइटी मामला (2010), कॉमनवेल्थ घोटाला (2010), 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला।

मिस्टर क्लीन: गन्दगी गहरी है
घोटालों,भ्रष्टाचार की इस सूची के बाद भी सफेदपोश नेता और पार्टियां तू चोर-तो तू चोर नहीं, बल्कि तू बड़ा चोर और मैं छोटा साबित कर जनता के सामने सद्चरित्र दिखने की कोशिश में जुटी है। ऐसे में कहा जा सकता है कि भ्रष्टाचार सर्वजाति है चाहे वह देश हो या विदेश। सभी जगह स्वीकार्य हो गयी है। इससे को लेकर न कोई जात है, न अमीरी है न गरीबी। यह सभी को लुभाता है और हालिया सर्वे इस पर मुहर भी लगाता है। 2010में संस्था ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल द्वारा किया सर्वे चौंकाने वाला है।

सर्वे बताता है कि 178 देशों में से एक तिहाइ देश भ्रष्टाचार से बुरी तरह त्रस्त हैं। भारत भी उन देशों में से एक हैं। सर्वे बताता है कि भ्रष्टाचार,घूसखोरी ने कैसे देश की छवि को धूमिल किया है। मौजूदा वर्ष में 2जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ,आईपीएल घोटालों की वजहों से भ्रष्ट मुल्कों की सूची में भारत चार चांद लगाते हुए 87वे पायदान पर है। देश में करप्शन का आलम क्या है,इसका अंदाजा सर्वे से जुटाए आंकड़ों को देखकर लगता है। सर्वे बताता है कि मुल्क में घूसखोरी हर स्तर तक फैली हुई है। भारत में 86 फीसदी लोग रिश्वत मांगते है।

जो जितने बड़े पद पर है वह उतना ही बड़ा रिश्वतखोर है। सर्वे के मुताबिक 91प्रतिशत रिश्वत सरकारी कर्मचारियों द्वारा मांगी जाती है,जिनमें सबसे ज्यादा घूस यानी 33फीसदी केंद्र में मौजूद नौकरशाह मांगते है। दूसरे नंबर पर पुलिस हैं जो 30 फीसदी के करीब हैं। सवाल यही आकर खत्म नहीं होता। जब लोगों से यह पूछा गया कि उनसे कितनी बार घूस मांगी गई, तो 90 फीसदी लोगों का कहना था कि उन्हें दो से बीस बार तक घूस देने के लिए मजबूर किया गया।

ऐसे में जेपी का वो दौर याद आता है जो 1977के छात्र आंदोलन से शुरू होकर व्यवस्था परिवर्तन के आंदोलन में बदल जाता है। राजनीतिक क्षेत्र में जे.पी. सत्ता के विकेन्द्रीकरण के प्रबल पक्षधर थे। वे चाहते थे कि प्रत्याशियों का चयन तथा सत्ता पर नियंत्रण जनता के द्वारा होना चाहिए। वे लोक चेतना के द्वारा जनता को जगाकर उसे लोकतंत्र का प्रहरी बनाना चाहते थे। ताकि कर्मचारी से लेकर डीएम,सीएम और पीएम तक सबके कामकाज पर निगरानी रखी जा सके।

वे चाहते थे कि जन प्रतिनिधियों को समय से पूर्व वापस बुलाने का अधिकार उस क्षेत्र की जनता को मिले ताकि जन प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जा सके। यह अलग बात है कि जे.पी.आंदोलन के गर्भ से निकले छात्र नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर,लालू यादव, रामविलास पासवान,सुबोधकांत सहाय,यशवंत सिन्हा जैसे नेता कांग्रेस और बीजेपी की गोद में जाकर, सत्ता की चकाचौंध में इस तरह डूबे की जे.पी. की संपूर्ण क्रांति को ही भूल गए।


लेखक 'शिल्पकार टाइम्स' हिंदी  पाक्षिक  अख़बार में सहायक संपादक है उनसे kumar2pankaj@gmail.comपर संपर्क किया जा सकता है.